हांसी जिले में हांसी-जींद रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर सोमवार तड़के लूट की वारदात हुई। एक बदमाश ने कंबल ओढ़कर और लाठी से लैस होकर पेट्रोल पंप के कमरे में सो रहे कर्मचारी पर हमला किया। बदमाश करीब 35 हजार रुपए की नकदी लूटकर फरार हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह करीब 3 बजे एक अज्ञात युवक कंबल ओढ़कर पेट्रोल पंप परिसर में दाखिल हुआ। उसके हाथ में लाठी थी। वह सीधे उस कमरे में पहुंचा, जहां पंप कर्मचारी दीपक निवासी गांव थुराना सो रहा था। बदमाश ने दीपक पर लाठी से हमला किया और कमरे में रखी नकदी लेकर भाग गया। कुछ दिनों पहले ही लीज पर लिया था पेट्रोल पंप घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस, शेखपुरा चौकी पुलिस और सीआईए की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया, साक्ष्य जुटाए और सीसीटीवी फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि यह पेट्रोल पंप जुलाना निवासी मोहित लाठर ने कुछ महीने पहले ही लीज पर लिया था। घायल कर्मचारी दीपक भी कुछ दिन पहले ही यहां नौकरी पर लगा था। बदमाशों की तलाश कर रही पुलिस शेखपुरा चौकी प्रभारी जय सिंह ने बताया कि पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी। पेट्रोल पंप प्रबंधन के बयानों के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान के प्रयास जारी हैं और पुलिस को जल्द ही उसकी गिरफ्तारी की उम्मीद है।
Source link
