Related Posts

गुरुग्राम में राजीव चौक अंडरपास में घायल मिला व्यक्ति:इलाज के दौरान तोड़ा दम, हत्या या हादसे में उलझी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इतंजार




गुरुग्राम के सबसे व्यस्त राजीव चौक अंडरपास में एक ई-रिक्शा चालक गंभीर रूप से घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। यह मामला गुरुग्राम पुलिस के लिए एक रहस्य बन गया है, क्योंकि घटनास्थल पर किसी सड़क हादसे के कोई सबूत नहीं मिले हैं। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह कोई हादसा था या हत्या। शुक्रवार शाम करीब 4 बजे, भीम नगर इलाके में रहने वाला 42 वर्षीय लवली अपनी ई-रिक्शा में सामान लेकर सोहना की तरफ जा रहा था। राजीव चौक अंडरपास में पहुंचने के बाद वह घायल अवस्था में सड़क पर पड़ा मिला। एक राहगीर ने उसे देखकर पुलिस को सूचना दी। हत्या या हादसे में उलझी पुलिस पुलिस को भी यह समझ नहीं आ रहा है कि यह दुर्घटना है या हत्या, क्योंकि जिस जगह लवली पड़ा हुआ मिला, वहां किसी तरह के एक्सीडेंट के प्रमाण नहीं मिले हैं। लवली अपनी ई-रिक्शा के ठीक सामने पड़ा था। उसके मुंह से खून निकल रहा था और रीढ़ की हड्डी, गर्दन और सिर पर चोटें लगी थीं। घायल लवली को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उसकी मौत हो गई। सबसे बड़ी बात यह है कि लवली कैसे घायल हुआ, यह किसी ने नहीं देखा, जबकि राजीव चौक अंडरपास से हर मिनट दर्जनों गाड़ियां गुजरती हैं। केवल एक बाइक सवार ने घायल पड़े लवली को देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। लवली की ई-रिक्शा बिल्कुल सही सलामत खड़ी मिली और उस पर रखा सामान भी जस का तस था। न तो लवली से कोई लूटपाट हुई और न ही छीना-झपटी के कोई निशान मिले हैं। सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता संदीप कुमार का कहना है कि इस मामले में आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। चूंकि अंडरपास के अंदर कोई सीसीटीवी नहीं लगा हुआ है इसीलिए लवली के घायल होने की वजह पुख्ता नहीं हो पाई है। वहीं पुलिस लवली के अंडरपास में एंट्री करते वक्त कौन कौन सी गाड़ियां अंदर गई उनको पुलिस थाने बुलाने की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि लवली की पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है जिसमें साफ हो पाएगा कि लवली को लगी चोट के कारण क्या हो सकते हैं उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। फरीदाबाद का रहने वाला था 42 वर्षीय लवली गुरुग्राम के भीम नगर इलाके में अपने परिवार के साथ रहता है। परिवार में माता पिता, बहन और पत्नी है। लवली की कोई संतान नहीं है। मिली जानकारी के अनुसार लवली का परिवार मूलरुप से फरीदाबाद के रहने वाले है लेकिन पिछले कुछ समय से लवली अपने परिवार का लालन पालन करने के लिए गुरुग्राम ई रिक्श चलाने का काम किया करता था।

परिवार का आरोप है कि लवली को किसी ने चोट मारकर उसकी हत्या की है । हालांकि अभी पुलिस ने मामले में केवल पोस्टमॉर्टम कराया है किसी प्रकार का केस दर्ज नहीं किया है। परिवार का कहना है कि लवली घर में इकलौता कमाने वाला था। ऐसे में उसकी मौत कैसे हुई उसकी निष्पक्ष जांच की जानी चाहिए। परिवार ने अज्ञात पर हत्या करने का आरोप लगाया है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें