![]()
स्वतंत्रता दिवस-2026 के मुख्य समारोह के मद्देनजर सोनीपत पुलिस ने दिल्ली की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह व्यवस्था 12 अगस्त से लागू होगी, जिससे दिल्ली में प्रवेश प्रभावित होगा। दिल्ली पुलिस द्वारा जारी यातायात व्यवस्था के अनुसार, भारी वाहनों को 12 अगस्त 2026 को रात 08:00 बजे से 13 अगस्त 2026 को दोपहर 01:00 बजे तक रोका जाएगा। इसी तरह, 14 अगस्त 2026 को रात 08:00 बजे से 15 अगस्त 2026 को दोपहर 01:00 बजे तक भी दिल्ली में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। इन अवधियों में वाहनों को वैकल्पिक मार्गों पर भेजा जाएगा। यह विशेष ट्रैफिक व्यवस्था एवं डायवर्जन प्लान राष्ट्रीय राजधानी में निर्विघ्न यातायात संचालन, सुरक्षा व्यवस्था और आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया है। पुलिस कमिश्नर, मुख्यालय सोनीपत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं, जबकि पुलिस कमिश्नर ममता सिंह इस पूरी सुरक्षा व्यवस्था पर बारीकी से नजर रख रही हैं। भारी वाहनों के लिए प्रमुख डायवर्जन प्वाइंट 1. थाना बड़ी क्षेत्र: जीटी रोड, गन्नौर फ्लाईओवर के साथ नाका लगाकर पानीपत की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को दिल्ली की ओर जाने से रोकते हुए गन्नौर से खुबड़ झाल की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। 2. थाना मुरथल क्षेत्र: जीटी रोड, गोहाना बाईपास फ्लाईओवर के साथ नाका लगाकर पानीपत की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को दिल्ली की ओर न जाने देकर नेशनल हाईवे-352, सोनीपत की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। 3. थाना बहालगढ़ क्षेत्र: जीटी रोड बहालगढ़ चौक पर पुलिस नाका लगाकर उत्तर प्रदेश की तरफ से आकर दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को सोनीपत की तरफ भेजा जाएगा। 4. थाना राई क्षेत्र: नेशनल हाईवे-334बी पर पुलिस नाका लगाकर उत्तर प्रदेश की तरफ से आने वाले भारी वाहनों को 334बी नेशनल हाईवे पर सीधा अथवा बहालगढ़ की तरफ भेजा जाएगा।
5. केजीपी/केएमपी क्षेत्र: केजीपी और केएमपी के आरंभ बिंदु पर नाके लगाए जाएंगे। इन नाकों से आगे किसी भी भारी वाहन को दिल्ली की ओर नहीं जाने दिया जाएगा। 6. थाना कुंडली क्षेत्र: दिल्ली-हरियाणा सीमा पर पुलिस बल नियुक्त कर दिल्ली पुलिस का सहयोग किया जाएगा और भारी वाहनों को दिल्ली में सीधे प्रवेश न करने देकर नरेला की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। 7. थाना खरखौदा क्षेत्र: दिल्ली चौक बाईपास खरखौदा पर पुलिस नाका लगाकर इन वाहनों को दिल्ली की ओर न जाने देकर खरखौदा-सांपला रोड की तरफ भेजा जाएगा। 8. थाना यातायात मुरथल क्षेत्र: हल्दाना बॉर्डर से सिंघु बॉर्डर तक राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर पर्याप्त यातायात पुलिसकर्मी नियुक्त किए जाएंगे, ताकि मार्ग पर किसी प्रकार का जाम न लगे और यातायात सुचारू रूप से चलता रहे। केजीपी/केएमपी जंक्शन पर भारी वाहनों को दिल्ली की तरफ न जाने देकर यातायात को सुगम एवं बाधारहित बनाए रखा जाएगा। भारी वाहनों के लिए पार्किंग की भी व्यवस्था आवश्यकता पड़ने पर जीटी रोड पर पानीपत की ओर से आने वाले भारी वाहनों को निर्धारित स्थानों पर पार्क करने/डायवर्ट करने के लिए पुलिस बल तैनात किया जाएगा। इनमें औद्योगिक क्षेत्र बड़ी, गांव हसनपुर स्कूल का खुला मैदान, राजीव गांधी एजुकेशन सिटी राई, एचएसआईआईडीसी कुंडली तथा नेशनल हाईवे-352 पर कुराड़ बाईपास स्थित सर्विस रोड शामिल हैं। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर डायवर्जन नाके भी लगाए जाएंगे। जिनमें गन्नौर फ्लाईओवर से खुबड़ झाल की तरफ, नेशनल हाईवे-352 कुराड़ बाईपास, केजीपी आरंभ बिंदु एनएच-44 और केएमपी आरंभ बिंदु एनएच-44 शामिल हैं। सभी पर्यवेक्षण अधिकारी मौके पर रहेंगे मौजूद सभी पर्यवेक्षण अधिकारी और थाना प्रभारी अपने-अपने पर्यवेक्षणाधीन क्षेत्रों में उपस्थित रहकर जारी निर्देशों की पालना सुनिश्चित करेंगे। राष्ट्रीय राजमार्गों पर नियुक्त पर्यवेक्षण अधिकारी स्वयं मौके पर रहकर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए जिम्मेदार होंगे और किसी भी सूरत में भारी वाहनों को दिल्ली में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
Source link







