![]()
फरीदाबाद के खंड बी, जवाहर कॉलोनी के पास रविवार दोपहर लाइसेंसी रिवाल्वर साफ कर रहे युवक की गोली लगन से मौत हो गई। गोली चलने की आवाज सुनते ही परिवार के लोग तुरंत तरूण के कमरे की तरफ दौड़े। कमरे में पहुंचने पर उन्होंने तरूण को लहूलुहान हालत में देखा। बताया जा रहा है कि गोली जबड़े के पास लगी और सिर के ऊपर से निकल गई। गंभीर हालत में परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, उपचार के दौरान कुछ घंटे बाद तरूण यादव ने दम तोड़ दिया। कमरे में लाइसेंसी रिवाल्वर की सफाई करते वक्त चली गोली परिजनों ने पुलिस को बताया कि तरूण यादव दोपहर करीब 1 बजे अपने कमरे में लाइसेंसी रिवाल्वर की सफाई कर रहे थे। इसी दौरान अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद परिवार के लोग कमरे में पहुंचे तो तरूण गंभीर रूप से घायल मिले। तरूण यादव के पिता प्रॉपर्टी डीलर हैं और तरूण भी अपने पिता के साथ प्रॉपर्टी के कामकाज में सहयोग करते थे। वह अपने पिता के काम में हाथ बंटाते थे। परिवार के लिए यह हादसा बेहद सदमे वाला है और घटना के बाद घर में मातम का माहौल है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि रिवाल्वर में गोली किस स्थिति में थी और सफाई के दौरान अचानक फायर कैसे हुआ। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही घटना की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मामले की जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही एसीपी बड़खल अर्जुन देव, सारन थाना पुलिस और पर्वतीय पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने मामले की जांच शुरू करते हुए हादसे की परिस्थितियों को समझने के लिए घटनास्थल से जरूरी जानकारी जुटाई। एसीपी बड़खल अर्जुन देव के अनुसार, शुरुआती जांच में सामने आया है कि तरूण यादव की मौत गोली लगने से हुई है और गोली उनकी अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से चली। हालांकि, रिवाल्वर साफ करते समय अचानक गोली किस परिस्थिति में चली, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस इस मामले में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
Source link







