spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

फरीदाबाद स्कूल में बैग से चाकू-एयर गन मिलने पर हड़कंप:छात्र गुटों में विवाद की चर्चा, प्रबंधन ने किया खारिज, टीचर की हुई थी हत्या




फरीदाबाद के सेक्टर-3 स्थित सरकारी स्कूल में छात्रों के बैग की जांच के दौरान चाकू और एयर गन मिलने से स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इसके साथ ही एक छात्र के बैग से दो मोबाइल फोन भी मिले। मामला सामने आने के बाद स्कूल प्रबंधन ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद सेक्टर-3 चौकी की टीम मौके पर पहुंची और बरामद सामान की जांच की। दरअसल, सिकरोना गांव में 3 अगस्त को हुई शिक्षिका की हत्या के बाद स्कूलों में सुरक्षा को लेकर सतर्कता बढ़ाई गई है। इसी क्रम में सेक्टर-3 के स्कूल में भी छात्रों के बैग की जांच की जा रही थी। इसी दौरान कक्षा 11वीं के एक छात्र के सामान से संदिग्ध वस्तुएं मिलने पर शिक्षकों ने मामले को गंभीरता से लिया। पुलिस की जांच में एयर गन निकली पुलिस की जांच में सामने आया कि बरामद एयर गन असली हथियार नहीं, बल्कि टूटी हुई खिलौना एयर गन थी। वहीं चाकू को भी पुलिस ने सामान्य घरेलू इस्तेमाल वाला चाकू बताया। स्कूल प्रबंधन के मुताबिक, चाकू एक छात्र अपने जन्मदिन पर केक काटने के लिए लेकर आया था। दूसरे के बैग में रखा चाकू स्कूल प्रमुख सीमा गौतम ने बताया कि शिक्षक छात्रों को पहले ही चेतावनी दे रहे थे कि स्कूल में प्रतिबंधित या आपत्तिजनक सामान न लाया जाए। इसी दौरान चाकू लेकर आए छात्र को डर लगा कि जांच में उसके बैग से चाकू मिल जाएगा। इसके बाद उसने चाकू दूसरे छात्र के बैग में रख दिया। बैगों की जांच के दौरान शिक्षकों को इसकी जानकारी हुई और पुलिस को बुलाया गया। मामले में पुलिस ने संबंधित छात्रों के अभिभावकों को स्कूल बुलाकर पूछताछ की। हालांकि, पुलिस की ओर से कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। अगले दिन छात्र स्कूल भी पहुंचे। कई टीचर ने सुरक्षा को लेकर सवाल उठाए वहीं, स्कूल के अंदर कुछ शिक्षकों ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर सवाल खड़े किए हैं। एक शिक्षक ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर कहा कि अगर चाकू सिर्फ जन्मदिन पर केक काटने के लिए लाया गया था, तो उसे स्कूल लाने की जरूरत ही क्या थी। शिक्षक ने एयर गन को लेकर भी सवाल उठाया और कहा कि जन्मदिन के कार्यक्रम में खिलौना बंदूक लाने का औचित्य समझ से परे है। छात्र गुटों में विवाद की चर्चा, प्रबंधन ने किया खारिज सामान बरामद होने के बाद स्कूल में छात्रों के बीच विवाद या आपसी रंजिश की चर्चाएं भी सामने आईं। हालांकि, स्कूल प्रमुख ने इन दावों को सिरे से खारिज किया है। उनका कहना है कि छात्रों से पूछताछ की गई और किसी तरह के झगड़े या दुश्मनी की पुष्टि नहीं हुई। प्रबंधन के मुताबिक, घटना वाले दिन ही छात्रों को अनुशासन और स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था के बारे में समझाया गया। अधिकारियों की एक टीम भी मामले की समीक्षा के लिए स्कूल का दौरा करने वाली है। करीब 600 छात्रों पर सुरक्षा व्यवस्था का सवाल घटना के बाद स्कूल की व्यवस्थाओं को लेकर भी कई सवाल उठने लगे हैं। यह स्कूल वर्ष 2025-26 में शुरू हुआ था और यहां कक्षा 6 से 12 तक करीब 600 छात्र पढ़ रहे हैं। इसके बावजूद स्कूल में फिलहाल एक भी नियमित शिक्षक नहीं है। पढ़ाई का जिम्मा प्रतिनियुक्ति पर आए शिक्षकों के भरोसे है। सुरक्षा के लिए कोई गार्ड भी तैनात नहीं शिक्षकों की कमी के चलते कई बार छात्रों को खाली पीरियड का सामना करना पड़ता है। इसके अलावा स्कूल परिसर में सुरक्षा के लिए कोई गार्ड भी तैनात नहीं है। ऐसे में स्कूल के भीतर संदिग्ध सामान पहुंचने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को उजागर कर दिया है। शिक्षकों और अभिभावकों का कहना है कि इतने बड़े स्कूल में पर्याप्त शिक्षक, निगरानी और सुरक्षा इंतजाम जरूरी हैं। घटना के बाद वरिष्ठ शिक्षा अधिकारियों की भूमिका को लेकर भी सवाल उठे हैं। अब अधिकारियों की समीक्षा के बाद यह स्पष्ट होगा कि स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles