![]()
रेवाड़ी पुलिस ने करीब 8 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी पुलिस पर फायरिंग और गोतस्करी के मामले में वांछित था। आरोपी की पहचान नूंह जिले के सालाहेड़ी गांव निवासी साहिद उर्फ काला के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार यह घटना 8 सितंबर 2018 को हुई थी। उस रात पुलिस की पीसीआर टीम गश्त पर थी, तभी ढालियावास गांव के पास एक पिकअप गाड़ी में 6-7 युवक गायों को गोकशी के लिए चढ़ा रहे थे। पुलिस ने जब उन्हें रोकने का प्रयास किया, तो आरोपियों में से एक ने पुलिस टीम पर गोली चला दी। पुलिस टीम पर किया था पथराव गोली पुलिसकर्मियों के पास से गुजरी और आरोपी पिकअप में बैठकर भागने लगे। पीछा करने पर उन्होंने पुलिस की गाड़ी पर पथराव किया, जिससे पीसीआर वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। इस मामले में मॉडल टाउन थाना रेवाड़ी में गौ संवर्धन अधिनियम, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने इस मामले में पहले ही शागीर उर्फ समीर, तालिम उर्फ भोला और हड़िया भाट को गिरफ्तार कर लिया था। आरोपी के खिलाफ पहले से 10 केस सीआईए रेवाड़ी ने अब इस मामले में फरार चल रहे साहिद उर्फ काला को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि साहिद उर्फ काला एक आदतन अपराधी है। उसके खिलाफ रेवाड़ी और नूंह के विभिन्न पुलिस थानों में लूट, गोतस्करी, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और मारपीट के कुल 10 मामले दर्ज हैं। वह कई मामलों में कोर्ट से पीओ (भगोड़ा अपराधी) भी घोषित किया जा चुका है। यह गिरफ्तारी ‘ऑपरेशन ट्रैक डाउन’ के तहत की गई है। एसपी की जिले के सरपंचों से अपील एसपी हेमेंद्र कुमार मीणा ने जिले के सभी गांवों के सरपंचों, पुलिस मित्रों, सामाजिक प्रतिनिधियों और जागरूक नागरिकों से विशेष अपील की है कि वे अपने-अपने क्षेत्र में अवैध हथियार, नशा बेचने वालों या अवैध गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। ताकी उन पर तुरंत आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
Source link







