Related Posts

सांपला में नालों की सफाई अधूरी:नगरपालिका ने लाखों खर्च किए, हल्की बारिश में भी जलभराव, CM दिया था 30 जून तक का टाइम




रोहतक जिले के सांपला में नालों की सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। लाखों रुपए खर्च होने के बावजूद शहर के कई इलाकों में नालों की सफाई अधूरी है, जिसके कारण हल्की बारिश में भी पानी की निकासी नहीं हो पा रही है। इससे आम जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जानकारी के अनुसार, सांपला में दिल्ली रोड, झज्जर रोड, खरखौदा रोड, पुराना गिझी रोड और न्यू दतौड़ रोड जैसे कई प्रमुख नालों की सफाई का काम अभी भी पूरा नहीं हुआ है। जबकि मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को 30 जून तक सभी शहरों के नालों की सफाई पूरी करने के निर्देश दिए थे। वार्ड नंबर 8 की सीताराम हलवाई वाली गली के हालात विशेष रूप से चिंताजनक हैं। स्थानीय निवासियों के अनुसार, यह गली पिछले लगभग 15 वर्षों से विकास की प्रतीक्षा कर रही है। गंदे पानी की उचित निकासी न होने के कारण यहां से लगभग एक दर्जन परिवार पलायन कर चुके हैं। यहां के रहने वाले लोगों का आरोप है कि कुछ समय पहले गली की मरम्मत पर लाखों रुपए खर्च किए गए थे, फिर भी पानी निकासी की समस्या जस की तस बनी हुई है। हाल ही में हुई बारिश के बाद यह गली पूरी तरह पानी से भर गई, जिससे लोगों का घरों से निकलना भी मुश्किल हो गया। नगर पालिका चेयरमैन बोले- कुछ स्थानों पर नालों की सफाई जारी इस संबंध में सांपला नगर पालिका चेयरमैन प्रवीन कोच ने बताया कि बाजार के नालों की सफाई हो चुकी है और कुछ अन्य स्थानों पर सफाई का काम जारी है। उन्होंने कहा कि बरसात के कारण फिलहाल एक-दो जगह पर पानी का ठहराव हो जाता है, जो बारिश रुकने के बाद समाप्त हो जाता है। उन्होंने विकास कार्य करवाने में कोई कसर न छोड़ने का आश्वासन दिया।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें