अमृतसर के एक परिवार के लिए जर्मनी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। क्षेत्र के एक गांव के रहने वाले युवक की वहां झील में डूबने से मौत हो गई है। इस अचानक हुई त्रासदी से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। मृतक हर्षप्रीत सिंह अमृतसर के ब्यास के नजदीकी गांव बुड्ढा थे का रहने वाला था। उसकी उम्र 16-18 वर्ष बताई जा रही है। उसके पिता जर्मनी में रहते हैं। हर्षप्रीत करीब एक साल पहले ही अपने पिता से मिलने जर्मनी गया था। दोस्तों के साथ झील में नहाने गया था हर्षप्रीत पारिवारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, हर्षप्रीत के पिता पिछले सात वर्षों से जर्मनी में रह रहे हैं और वहीं काम करते हैं। पिछले साल ही हर्षप्रीत का भी वीजा लगा था, जिसके बाद वह अपने पिता के पास घूमने के लिए जर्मनी गया हुआ था। वहाँ वह अपने कुछ दोस्तों के साथ एक झील पर घूमने और नहाने के लिए गया। इसी दौरान नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। दोस्तों और स्थानीय लोगों के काफी प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका। परिवार का इकलौता चिराग था मृतक मृतक हर्षप्रीत की मां ने रोते हुए बताया कि हर्षप्रीत उनके परिवार का इकलौता बेटा था और पूरे परिवार को उससे बड़ी उम्मीदें थीं। बेटे की असमय मौत ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया है। अमित शाह और सीएम भगवंत मान से मदद की अपील शोक में डूबे परिवार और गांव बुड्ढा थे के निवासियों ने भारत सरकार और पंजाब सरकार से इस कठिन समय में मदद की गुहार लगाई है।मां और ग्रामीणों ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान से अपील की है कि वे इस मामले में निजी तौर पर हस्तक्षेप करें। परिवार ने मांग की है कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की सभी आवश्यक औपचारिकताएं जल्द से जल्द पूरी करवाकर हर्षप्रीत के पार्थिव शरीर को भारत लाया जाए, ताकि वे अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार उसका अंतिम संस्कार कर सकें। गांव के मौन और दुखी माहौल के बीच, सभी ग्रामीणों ने सरकार से पुरजोर मांग की है कि पीड़ित परिवार की इस संकट की घड़ी में हरसंभव सहायता की जाए।
Source link
जर्मनी में झील में डूबकर पंजाबी युवक की मौत:एक साल पहले पिता के पास गया था अमृतसर का युवक, परिवार ने पार्थिव शरीर भारत लाने की लगाई गुहार
