Top 5 This Week

Related Posts

लोहारू एसडीएम ने लिया मतदान केंद्रों का जायजा:मतदाता सत्यापन कार्य की जांच, सरपंच-पंच और पार्षदों से मुलाकात, बीएलओ को दिए निर्देश




भिवानी जिले के लोहारू विधानसभा क्षेत्र में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान चल रहा है। इसी के तहत, एसडीएम एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मनोज दलाल ने गुरुवार को विभिन्न मतदान केंद्रों का दौरा कर कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सिंघानी, मनफरा, चौहड़ खुर्द और बहल सहित कई क्षेत्रों में पहुंचकर बूथ स्तर पर चल रहे सत्यापन कार्य का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए। बिना किसी दबाव के कार्य करें बीएलओ : एसडीएम निरीक्षण के दौरान एसडीएम मनोज दलाल ने कहा कि एसआईआर का कार्य निर्वाचन प्रक्रिया का एक महत्वपूर्ण चरण है। इसे निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरी पारदर्शिता और गंभीरता के साथ पूरा किया जाना अनिवार्य है। उन्होंने सभी बीएलओ से कहा कि वे अपने सहयोगी कर्मचारियों के साथ धैर्यपूर्वक और बिना किसी दबाव के अपना कार्य पूर्ण करें। उन्होंने ग्राम पंचायतों के सरपंच, पंचों और नगर पालिका क्षेत्र के पार्षदों से भी अपील की कि वे अपने-अपने क्षेत्र के प्रत्येक पंजीकृत मतदाता तक यह संदेश पहुंचाएं। मतदाताओं को अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बीएलओ को समय पर उपलब्ध कराना होगा। उन्होंने अभियान की सफलता के लिए प्रत्येक मतदाता की भागीदारी और जागरूकता को आवश्यक बताया। एसडीएम बोले- प्रत्येक मतदाता का सत्यापन जरुरी एसडीएम ने यह भी बताया कि प्रत्येक मतदाता का सत्यापन अनिवार्य है। यदि कोई मतदाता अपना गणना प्रपत्र जमा नहीं करता है, तो उसका नाम प्रारूप (ड्राफ्ट) मतदाता सूची में शामिल नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी मतदाता ऑनलाइन अथवा ऑफलाइन माध्यम से अपना सत्यापन अवश्य करवाएं। लोहारू विधानसभा क्षेत्र के कुल 246 मतदान केंद्रों पर एसआईआर का कार्य जारी है। अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए 26 बीएलओ सुपरवाइजर नियुक्त किए गए हैं। इसके अतिरिक्त, सहायक निर्वाचन अधिकारी कुमारी प्रियंका एवं अंकित कुमार, अतिरिक्त सहायक निर्वाचन अधिकारी अमित कुमार, मोहित कुमार, सुरजीत सिंह, हीरालाल सांगवान, श्रीमती दर्शना श्योरान, सुरेश श्योरान, श्यामसुंदर सांगवान, प्रदुमन गढ़वाल, आदित्य कुमार और खंड शिक्षा अधिकारी लोहारू विजयप्रभा को भी फील्ड में तैनात किया गया है, जो बीएलओ की सहायता कर रहे हैं। 24 घंटे सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित तकनीकी सहायता के लिए सिवानी मॉडल स्कूल, बहल बीडीपीओ कार्यालय तथा एसडीएम कार्यालय, लोहारू में टीमों की तैनाती की गई है। साथ ही 24 घंटे सहायता उपलब्ध कराने के लिए हेल्प डेस्क भी स्थापित किया गया है, जिसका संपर्क नंबर 01252-298227 है। एसडीएम मनोज दलाल ने बताया कि आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से 54-लोहारू विधानसभा स्तर पर स्वीप टीम का गठन किया गया है। यह टीम गांव-गांव एवं शहर के वार्डों में जाकर जनप्रतिनिधियों और नागरिकों से संपर्क कर मतदाता सत्यापन के प्रति जागरूक कर रही है। इस टीम में डॉ. वीरेंद्र सांगवान, डॉ. नरसिंह चाहर तथा डॉ. राजीव वत्स शामिल हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें