पानीपत3 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
डीसी को ज्ञापन सौंप कर आते हुए इनसो कार्यकर्ता।
देश की राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्र-छात्राओं पर दिल्ली पुलिस द्वारा किए गए लाठीचार्ज के विरोध में इंडियन नेशनल स्टूडेंट्स ऑर्गेनाइजेशन (INSO) ने पानीपत में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के नाम ज्ञापन सौंपकर घटना की निष्पक्ष जांच, दोषी पुलिस अधिकारियों पर कार्रवाई और केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग की। इनसो के प्रदेश उपाध्यक्ष बलराज देशवाल और प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र जैलदार के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में छात्रों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग रखने का अधिकार है। ऐसे में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है।
ज्ञापन सौंपने के बाद खड़े इनसो के पदाधिकारी।
लाठीचार्ज के आदेश देने वाले अधिकारी पर कार्रवाई की मांग
प्रदेश उपाध्यक्ष बलराज देशवाल ने कहा कि जंतर-मंतर पर छात्रों के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, वह बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि छात्रों पर लाठीचार्ज करने के आदेश देने वाले पुलिस अधिकारी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। साथ ही केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को इस पूरे मामले की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि छात्र देश का भविष्य हैं और उनकी आवाज को बलपूर्वक दबाने का प्रयास किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा।
हरियाणा में बड़े आंदोलन की चेतावनी
प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र जैलदार ने कहा कि यदि छात्रों की मांगों को जल्द पूरा नहीं किया गया तो इनसो हरियाणा भर के विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के छात्रों को साथ लेकर व्यापक आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर हरियाणा के कॉलेजों और विश्वविद्यालयों पर ताला लगाने जैसा बड़ा कदम भी उठाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार यदि छात्रों की आवाज दबाने का प्रयास करेगी तो आंदोलन और अधिक तेज किया जाएगा तथा पूरे प्रदेश में इसका विस्तार किया जाएगा।
