Related Posts

रतिया नगर पालिका के कर्मचारी हड़ताल पर:कचरा संग्रहण कार्य ठप, धरना शुरू किया, बोले- दो महीने से नहीं दिया गया वेतन




फतेहाबाद जिले में रतिया नगर पालिका के डोर-टू-डोर कचरा संग्रह कर्मचारियों ने दो माह से वेतन न मिलने के विरोध में बुधवार सुबह धरना शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने कचरा उठाने वाले वाहनों को रोक दिया, जिससे शहर में कचरा संग्रहण का कार्य पूरी तरह ठप हो गया। उन्होंने ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी की और चेतावनी दी कि जब तक बकाया वेतन का भुगतान नहीं होता, काम बंद रहेगा। कर्मचारी प्रतिनिधियों ने बताया कि वे पिछले लगभग पांच माह से जय दुर्गा कंपनी, टोहाना के माध्यम से कार्यरत हैं। इस अवधि में उन्हें केवल दो माह का वेतन मिला है, वह भी पिछली हड़ताल के बाद। उन्होंने 6 जुलाई 2024 को भी वेतन न मिलने पर काम बंद किया था, तब ठेकेदार ने 20 जुलाई 2024 तक भुगतान का आश्वासन दिया था, लेकिन 22 जुलाई तक भी पूरा वेतन नहीं मिला। कर्मचारी बोले- समय पर नहीं दिय जाता वेतन कर्मचारियों का कहना है कि उन्हें मात्र 7 से 8 हजार रुपए मासिक वेतन मिलता है, जिसमें से ईपीएफ की कटौती भी की जाती है। इतनी कम आय और लगातार वेतन में देरी के कारण उनके परिवारों का पालन-पोषण करना बेहद मुश्किल हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ठेकेदार उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रहा है। कर्मचारियों ने यह भी बताया कि विभाग में 41 कर्मचारियों की हाजिरी लगाई जाती है, जबकि मौके पर केवल 34 कर्मचारी ही काम कर रहे हैं। उन्होंने इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। नगर पालिका सचिव से मुलाकात की धरने के दौरान कर्मचारियों ने नगर पालिका सचिव शुभम कुमार से मुलाकात कर अपनी मांगें रखीं। सचिव ने बताया कि उनकी ठेकेदार से बातचीत चल रही है और कर्मचारियों की वेतन संबंधी समस्या का जल्द समाधान करने का प्रयास किया जा रहा है। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि जब तक दो माह का बकाया वेतन उनके खातों में नहीं आता, तब तक डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का कार्य बंद रहेगा और उनका आंदोलन जारी रहेगा। इस हड़ताल से शहर की सफाई व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित होने की आशंका है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें