फरीदाबाद29 मिनट पहले
- कॉपी लिंक
पुलिस के जवान से 19.69 लाख रूपए की ठगी कर ली गई
फरीदाबाद में सोशल मीडिया पर हुई दोस्ती हरियाणा पुलिस के एक जवान के लिए भारी पड़ गई। फेसबुक पर आयशा खान नाम से जुड़ी एक युवती ने पहले विश्वास जीता और फिर शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का लालच देकर करीब 19.69 लाख रुपये की ठगी कर ली। जब पुलिसकर्मी ने निवेश की गई रकम वापस निकालनी चाही तो उसे पता चला कि वह साइबर जालसाजों का शिकार हो चुका है।
फेसबुक के जरिए मुलाकात
जानकारी के अनुसार, सेक्टर-30 पुलिस लाइन में रहने वाले पुलिस कर्मचारी फैजल ने बताया कि वह मूल रूप से जिला पुन्हाना नूंह रहने वाले है। 12 जून को फेसबुक पर एक युवती की फ्रेंड रिक्वेस्ट मिली। बातचीत का सिलसिला शुरू हुआ और कुछ ही दिनों में युवती ने खुद को शेयर बाजार में निवेश की जानकार बताते हुए कम समय में दोगुना रिटर्न मिलने का दावा किया। उसने यह भरोसा भी दिलाया कि निवेश में किसी तरह का नुकसान नहीं होगा और यदि नुकसान हुआ तो कंपनी उसकी भरपाई करेगी।
पुलिस जवान की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया है
19.69 लाख निवेश किए
18 जून को आरोपी युवती ने व्हाट्सऐप पर एक लिंक भेजकर “थिंकमार्केट” नाम के ऐप के जरिए निवेश करने की सलाह दी। भरोसे में आए पुलिसकर्मी ने 19 जून से 17 जुलाई के बीच अपने, अपने पिता और कुछ परिचितों के बैंक खातों से अलग-अलग खातों में कुल 19 लाख 69 हजार 96 रुपये ट्रांसफर कर दिए।
मुनाफा निकालने पर ठगी का पता चला
कुछ समय बाद जब उसने निवेश की गई राशि और मुनाफा निकालने का प्रयास किया तो कंपनी की ओर से भुगतान देने से मना कर दिया गया। इसके बाद उसे एहसास हुआ कि उसके साथ सुनियोजित साइबर धोखाधड़ी हुई है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पीड़ित की शिकायत पर साइबर अपराध सेंट्रल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। जांच एजेंसियां रकम ट्रांसफर हुए बैंक खातों, मोबाइल नंबरों और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की पड़ताल कर रही हैं। थाना इंचार्ज बसंत कुमार के मुताबिक आरोपियों की पहचान कर उन्हें पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
