![]()
दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के लोहारू बिजली बोर्ड परिसर में बिजली कर्मचारियों ने गुरुवार से 3 दिवसीय रोष प्रदर्शन शुरू किया। यह प्रदर्शन बिजली क्षेत्र के निजीकरण, स्मार्ट मीटर योजना और एग्री डिस्कॉम के विरोध में है, जो 6, 7 और 8 अगस्त तक चलेगा। वहीं संयुक्त मोर्चा केंद्रीय कमेटी के आह्वान पर यह प्रदर्शन 11, 12 और 13 अगस्त को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल से पहले आयोजित किया जा रहा है। धरने की अध्यक्षता चारों यूनियनों के सब यूनिट प्रधानों ने संयुक्त रूप से की। लोहारू के एसडीओ मनोज कुमार ने भी इस प्रदर्शन में शामिल होकर कर्मचारियों को अपना समर्थन दिया। मंच का संचालन पूर्व यूनिट सचिव नरेंद्र ने किया। ‘कर्मचारियों सहित बिजली उपभोक्ताओं को भी होगा नुकसान’ प्रदर्शनकारियों को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की निजीकरण नीतियों, स्मार्ट मीटर योजना और एग्री डिस्कॉम व्यवस्था का विरोध किया। उन्होंने तर्क दिया कि इन योजनाओं से न केवल कर्मचारियों के हित प्रभावित होंगे, बल्कि आम बिजली उपभोक्ताओं को भी भारी नुकसान उठाना पड़ेगा। वक्ताओं ने बताया कि एग्री डिस्कॉम लागू होने से किसानों को मिलने वाली कृषि बिजली सब्सिडी समाप्त हो सकती है। इससे किसानों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा और उनके बिजली के बिल काफी अधिक आने लगेंगे। ‘एग्री डिस्कॉम लागू होने से आर्थिक बोझ पड़ेगा’ स्मार्ट मीटर योजना पर बोलते हुए वक्ताओं ने कहा कि इस व्यवस्था में उपभोक्ताओं को मोबाइल फोन की तरह पहले रिचार्ज कराना होगा। यदि रात के समय रिचार्ज समाप्त हो गया, तो बिजली आपूर्ति तत्काल बंद हो जाएगी, जिससे आम जनता को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। वक्ताओं ने पड़ोसी राज्य राजस्थान का उदाहरण दिया, जहां ट्यूबवेल कनेक्शनों के बिजली बिल 15 से 20 हजार रुपए तक आ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि हरियाणा में एग्री डिस्कॉम लागू हुआ, तो राज्य के किसानों पर भी इसी प्रकार का आर्थिक बोझ पड़ेगा। धरने में ये अधिकारी और कर्मचारी हुए शामिल धरने में समर्थन देने के लिए अखिल भारतीय किसान सभा की ओर से राम सिंह शेखावत भी पहुंचे। उन्होंने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए कहा कि किसान संगठन निजीकरण के विरोध में बिजली कर्मचारियों के साथ खड़े हैं तथा 11 से 13 अगस्त की हड़ताल का पूर्ण समर्थन करेंगे। कार्यक्रम में सभी यूनियनों के पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों ने हड़ताल को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर विकास शर्मा, संदीप, सुरेश (जेई), दिनेश (जेई), दिलीप, जयप्रकाश, नरेंद्र, रोशन, रविंद्र, कुलदीप, विकास, प्रमोद, ईश्वर, सविता, सुनील पहाड़ी, कृष्ण सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Source link







