![]()
नूंह के वार्ड नंबर-10 स्थित अधिवक्ता पंकज गुप्ता के घर में चोरी की वारदात सामने आई है। बदमाशों ने मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया और अलमारी का लॉक तोड़कर करीब 20 लाख रुपए नकद तथा लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए। घटना के बाद घर का सारा सामान बिखरा हुआ मिला। अधिवक्ता पंकज गुप्ता ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 अगस्त की रात वे अपने मकान के निचले हिस्से में ताला लगाकर ऊपर की मंजिल पर सोने गए थे। सुबह करीब 5 बजे जब वे नीचे आए, तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ पाया। घर के अंदर जाने पर उन्होंने देखा कि अलमारी का ताला भी टूटा हुआ था और सारा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा था। शिकायत के अनुसार, चोर अलमारी में रखे 20 लाख नकद के साथ-साथ कई कीमती जेवरात भी ले गए। इनमें लगभग 30 ग्राम का सोने का ब्रेसलेट, 50 ग्राम के दो महिला कड़े, 20 ग्राम का सोने का कड़ा, दो डायमंड अंगूठियां, सोने के टॉप्स, चार चांदी की लुटिया, 20 चांदी के सिक्के और पांच जोड़ी चांदी की पायल शामिल हैं। सीसीटीवी में दिखाई दिए संदिग्ध युवक घटना के बाद परिवार ने घर और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन संदिग्ध युवक दिखाई दिए। इसके तुरंत बाद पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सिटी थाना नूंह पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस कर रही मामले की जांच सिटी थाना नूंह प्रभारी कुलदीप ने बताया कि पुलिस को चोरी की शिकायत मिल गई है। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने बताया कि घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए हैं और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं और जल्द ही इस चोरी का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link







