Top 5 This Week

Related Posts

सोनीपत में पार्क में मिला इकलौते बेटे का शव:दोस्त का फोन आने पर घर से निकला था; परिजनों ने जताई हत्या की आशंका




सोनीपत शहर के आदर्श नगर स्थित चिंतपूर्णी कॉलोनी में रहने वाले 17 वर्षीय किशोर की संदिग्ध हालत में मौत हो गई। रविवार देर रात दोस्त का फोन आने के बाद घर से निकला किशोर वापस नहीं लौटा और सोमवार तड़के उसकी लाश एक पार्क में मिली। जिससे इलाके में सनसनी फैल गई। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए उसके कुछ साथियों पर शक जाहिर किया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो पाएगा। फिलहाल, सेक्टर-27 थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। मां को कसम देकर घर से निकला था कुणाल आदर्श नगर स्थित चिंतपूर्णी कॉलोनी की रहने वाली कुणाल की मां मोनिका ने बताया कि उसका बेटा रविवार रात करीब 12 बजे उनके बेटे के मोबाइल पर उसके एक दोस्त का फोन आया था। इसके बाद कुणाल ने बताया कि उसे सेक्टर-15 स्थित बिहारी मार्केट जाना है। मां ने देर रात होने के कारण उसे बाहर जाने से रोका और घर का दरवाजा भी बंद कर दिया था। लेकिन कुणाल ने मां को कसम देकर कहा कि वह केवल पांच से दस मिनट में वापस लौट आएगा। बेटे की बात मानकर मां ने उसे जाने दिया, लेकिन इसके बाद वह घर नहीं लौटा। कुणाल ने मौत से पहले एक जून को सोशल मीडिया पर स्टोरी भी लगाई थी। मां पूरी रात करती रही इंतजार मोनिका ने बताया कि बेटे के वापस आने की उम्मीद में उन्होंने पूरी रात घर का दरवाजा खुला रखा और उसका इंतजार करती रहीं। वह लगातार उसके मोबाइल नंबर पर कॉल भी करती रहीं, लेकिन कुछ समय बाद फोन बंद हो गया। रात भर चिंता में डूबी मां को सोमवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे बेटे के दोस्त मनोज का फोन आया। उसने बताया कि कुणाल पार्क में पड़ा हुआ था और उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया गया है। परिजन ने कान से खून निकलने की बात कही अस्पताल पहुंचने पर परिवार को बेटे की मौत की सूचना मिली। परिजनों का आरोप है कि कुणाल के शरीर के कई हिस्सों पर चोट के निशान दिखाई दे रहे थे। उनका कहना है कि उसके सिर पर भी चोट लगी हुई थी और कान से खून निकल रहा था। इसी आधार पर परिवार हत्या की आशंका जता रहा है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है। परिवार का इकलौता बेटा था कुणाल कुणाल अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। परिवार में उसकी दो बहनें हैं। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार का सहारा बनने के लिए उसने नौवीं कक्षा तक पढ़ाई करने के बाद स्कूल छोड़ दिया था। इसके बाद उसने घरों में पेंट और वॉल पुट्टी का काम सीखकर मजदूरी शुरू कर दी थी। उसकी मां घरों में साफ-सफाई का काम करती हैं। उसके पिता भी दिहाड़ी मजदूर हैं। 3 महीने पहले रहने आया था परिवार परिजनों के अनुसार, परिवार करीब तीन महीने पहले ही चिंतपूर्णी कॉलोनी में किराए के मकान में रहने आया था। कुणाल बचपन से ही अधिकतर समय सेक्टर-15 बिहारी मार्केट में अपनी दादी के पास रहता था और बीच-बीच में माता-पिता के पास आता-जाता रहता था। बताया गया है कि घटना से महज तीन दिन पहले ही वह अपने माता-पिता के साथ चिंतपूर्णी कॉलोनी में रहने आया था। चीनू नामक युवक पर जताया शक परिवार के लोगों ने बिहारी मार्केट में रहने वाले चीनू नाम के एक युवक पर संदेह व्यक्त किया है। उनका कहना है कि पुलिस को इस दिशा में भी जांच करनी चाहिए ताकि मौत के पीछे की वास्तविक वजह सामने आ सके। फिलहाल पुलिस ने किसी भी व्यक्ति को आरोपी घोषित नहीं किया है। सब इंस्पेक्टर बोले- पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा खुलासा मामले की जांच कर रहे सेक्टर-27 थाना के सब इंस्पेक्टर कुलदीप सिंह ने बताया कि शव का प्राथमिक निरीक्षण किया गया है। जांच के दौरान शरीर पर किसी प्रकार के स्पष्ट चोट के निशान नहीं मिले हैं। उन्होंने कहा कि अभी हत्या या किसी अन्य कारण से मौत होने के बारे में कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी। परिजनों की शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ इकलौते बेटे की असमय मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की मां बार-बार बेटे को याद कर बेसुध हो रही है। परिवार ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें