पंचकूला जिले के पिंजौर में जीरकपुर-शिमला नेशनल हाईवे पर मल्लाह मोड़ टी-प्वाइंट के पास एक सड़क हादसा हुआ। परवाणु की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने एक होंडा कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि होंडा कार बेकाबू होकर एक कैंटर से जा टकराई। इसके बाद स्कॉर्पियो भी बेकाबू होकर ट्रैफिक लाइट के खंभे से टकरा गई, जिससे ट्रैफिक सिग्नल क्षतिग्रस्त हो गया। कैंटर ड्राइवर संजीव कुमार ने बताया कि वह मल्लाह मोड़ पर लाल बत्ती होने के कारण अपने वाहन के साथ खड़ा था। तभी पीछे से आई तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने होंडा कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद होंडा कार उनके कैंटर से टकरा गई। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप- नशे में था स्कॉर्पियो ड्राइवर प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कॉर्पियो ड्राइवर नशे की हालत में था और लापरवाही से गाड़ी चला रहा था। इस हादसे में दोनों कारों को भारी नुकसान हुआ। होंडा कार ड्राइवर को मामूली चोटें आईं, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया। पुलिस मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाकर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source link
पिंजौर में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने कार को टक्कर मारी:कैंटर से टकराई गाड़ी, ट्रैफिक सिग्नल किया क्षतिग्रस्त, ड्राइवर हुआ घायल
