सोनीपत में गुरुवार तड़के चार वर्षीय मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से पूरे इलाके में शोक और चिंता का माहौल है। बच्ची रात तक पूरी तरह सामान्य थी, लेकिन देर रात अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तत्काल नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद जब परिवार वापस घर लौटा तो घर के अंदर एक सांप दिखाई दिया, जिससे बच्ची की मौत को लेकर कई तरह की आशंकाएं पैदा हो गईं। हालांकि बच्ची के शरीर पर सांप के काटने के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। ऐसे में मौत का वास्तविक कारण अभी रहस्य बना हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है, जबकि चिकित्सकों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बच्ची की मौत किस वजह से हुई। तड़के अचानक बिगड़ी मासूम की तबीयत सोनीपत की इन्द्रा कॉलोनी के रहने वाले अमीर ने बताया कि उनकी चार वर्षीय बेटी सिदरा रात तक बिल्कुल स्वस्थ थी। गुरुवार तड़के करीब तीन बजे अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिवार ने बिना देर किए उसे इलाज के लिए नागरिक अस्पताल, सोनीपत पहुंचाया, लेकिन वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। बेटी की मौत के बाद 2 साल का बेटा रह गया है। घर लौटने पर मिला सांप, बढ़ी आशंका पिता के अनुसार अस्पताल से लौटने के बाद सुबह करीब चार बजे जब परिवार घर पहुंचा तो घर के अंदर एक सांप दिखाई दिया। परिजनों ने उसे वहीं मार दिया। इसके बाद परिवार को आशंका हुई कि कहीं बच्ची की मौत सांप के काटने से तो नहीं हुई। हालांकि बच्ची के शरीर पर किसी भी प्रकार के स्पष्ट डंसने के निशान नहीं मिले हैं। परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़ परिजनों ने बताया कि मृतक बच्ची परिवार की बड़ी संतान थी। उसका एक छोटा भाई भी है। मासूम की अचानक मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आसपास के लोग भी परिवार को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
फिलहाल बच्ची की मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। चिकित्सकों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। यदि जरूरत पड़ी तो विसरा जांच सहित अन्य वैज्ञानिक परीक्षण भी कराए जा सकते हैं। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।
Source link
सोनीपत में 4 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध मौत:घर में सांप काटे जाने की आशंका; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
