पठानकोट के डमटाल थाना क्षेत्र के तहत पड़ते कंदरोड़ी रेलवे स्टेशन के पास एक 62 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने बुजुर्ग को गंभीर बीमार और बेहोशी की हालत में देखा था, लेकिन इलाज के लिए अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी देते हुए नूरपुर के एएसपी धर्म चंद वर्मा ने बताया कि कंदरोड़ी रेलवे स्टेशन के पास स्थित एक मंदिर के समीप यह व्यक्ति बेसुध अवस्था में पड़ा हुआ था। स्थानीय निवासियों ने मानवीय संवेदना दिखाते हुए तुरंत उसे इलाज के लिए डॉक्टर के पास पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन बदकिस्मती से अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो गई। इसके बाद घटना की सूचना तुरंत डमटाल पुलिस को दी गई। जेब से मिली डॉक्टर की पर्ची, ‘लालू यादव’ लिखा नाम सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का मुआयना किया। मृतक की तलाशी लेने पर उसकी जेब से इंदौरा के एक डॉक्टर की पर्ची बरामद हुई। पर्ची पर दर्ज नाम लालू यादव है, उम्र- 62 वर्ष दर्ज है। यह इंदौरा के स्थानीय डॉक्टर की पर्ची है। हालांकि, पर्ची के अलावा मृतक की जेब से ऐसा कोई पहचान पत्र या दस्तावेज नहीं मिला, जिससे उसके स्थायी पते या परिजनों का सटीक सुराग मिल सके। 72 घंटे के लिए शवगृह में रखवाया गया शव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहचान और परिजनों की तलाश के लिए शव को नूरपुर अस्पताल के शवगृह (Mortuary) में 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखवाया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की शिनाख्त होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा, ताकि वे उसका अंतिम संस्कार कर सकें। डमटाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में मृतक के परिजनों की तलाश में जुटी हुई है।
Source link
कंदरोड़ी स्टेशन के पास मिला अज्ञात व्यक्ति का शव:जेब में मिली डॉक्टर की पर्ची पर नाम लालू यादव, उम्र-62 वर्ष लिखा, 72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया गया
