कैथल में हरियाणा राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शिनी ने दिल्ली में छात्राओं पर हुए कथित लाठीचार्ज को लेकर कहा कि बहन-बेटियों के साथ किसी भी प्रकार की ज्यादती गलत है। ऐसी घटनाएं नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार पूरे मामले पर संज्ञान लेगी और जो भी उचित होगा, वह किया जाएगा। छात्राओं का करवाया जाएगा इलाज राज्य महिला आयोग की चेयरपर्सन ऊषा प्रियदर्शिनी वीरवार को कैथल नागरिक अस्पताल के औचक निरीक्षण करने के लिए पहुंची थीं। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत में ऊषा प्रियदर्शिनी ने कहा कि सरकार बहन-बेटियों के साथ मजबूती से खड़ी है। यदि किसी छात्रा को चोट आई है तो उसके इलाज में भी कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन करने का अधिकार है, लेकिन विरोध प्रदर्शन शांतिपूर्ण होना चाहिए। कई बार कुछ उपद्रवी तत्व माहौल बिगाड़ने का प्रयास करते हैं और ऐसी घटनाओं को अंजाम देते हैं, जिससे स्थिति खराब होती है। महिला आयोग की चेयरपर्सन ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखना भी जरूरी है। सरकार महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है तथा किसी भी शिकायत या घटना को गंभीरता से लिया जाएगा। सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया कैथल दौरे के दौरान उन्होंने नागरिक अस्पताल का औचक निरीक्षण किया। वहां पर महिला मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सेवाओं, सुविधाओं और व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया। अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि महिलाओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। सभी अधिकारी इस पर गंभीरता से कार्य करें। उन्होंने महिलाओं को दी जा रही सुविधाओं पर अस्पताल प्रबंधन की सराहना की।
Source link
