बहादुरगढ़ में गुरुग्राम को नहरी पानी की सप्लाई करने वाली NCR नहर पर अवैध पानी चोरी रोकने पहुंची सिंचाई विभाग की टीम पर कुछ लोगों ने हमला कर दिया। आरोप है कि नहर से मोटर लगाकर पानी चोरी कर रहे लोगों ने सरकारी ड्यूटी पर तैनात SDO यशपाल समेत कर्मचारियों पर कस्सी और डंडों से हमला कर दिया। इस हमले में SDO समेत टीम के अन्य सदस्य घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए नजदीकी ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। पुलिस को दी शिकायत के अनुसार, सिंचाई विभाग के SDO यशपाल अपने साथ एक JE, ड्राइवर और दो बेलदारों को लेकर NCR नहर के RD नंबर-37 के पास नियमित गश्त पर थे। इसी दौरान टीम ने देखा कि कुछ लोग लाल रंग के स्वराज और नीले रंग के सोनालिका ट्रैक्टर पर मोटर लगाकर कथित तौर पर नहरी पानी की अवैध चोरी कर रहे थे। टीम के रोकने पर कस्सी-डंडों से हमला किया टीम ने जब पानी चोरी करने से रोका तो आरोप है कि आरोपी गाली-गलौज पर उतर आए। देखते ही देखते उन्होंने कस्सी और डंडों से सिंचाई विभाग की टीम पर हमला कर दिया। इस मारपीट में उन्हें कई चोटें आईं। इस दौरान कुछ कर्मचारियों ने घटना का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उनके मोबाइल फोन छीनकर नहर में फेंक दिए। अस्पताल पहुंचे यूनियन पदाधिकारी, आंदोलन की चेतावनी घटना के बाद घायल SDO और कर्मचारियों को उपचार के लिए ट्रामा सेंटर ले जाया गया। सूचना मिलते ही सिंचाई विभाग की यूनियन के पदाधिकारी और कर्मचारी भी अस्पताल पहुंच गए। यूनियन प्रधान मुकेश ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की।उन्होंने चेतावनी दी कि यदि पुलिस ने आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई नहीं की, तो सिंचाई विभाग के कर्मचारी उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की घटना के संबंध में मांडौठी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दी गई है। पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वहीं, आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
Source link
पानी चोरी रोकने गई सिंचाई विभाग की टीम पर हमला:SDO समेत 4 कर्मचारी घायल; बहादुरगढ़ में कस्सी-डंडों से पीटने का आरोप
