नूंह के पुन्हाना में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की 25 जुलाई को प्रस्तावित ‘मेवात विकास संकल्प रैली’ से पहले प्रशासन सक्रिय हो गया है। गुरुवार को पुन्हाना शहर में नगीना-होडल रोड पर बड़े पैमाने पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। नायब तहसीलदार हरीश शर्मा के नेतृत्व में नगर परिषद, लोक निर्माण विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की। जेसीबी मशीनों का उपयोग कर सड़क किनारे बने अवैध कब्जे, टीन शेड, चबूतरे और अस्थायी निर्माण हटाए गए। अभियान शुरू होते ही पूरे बाजार में दुकानदारों में हड़कंप देखा गया। अतिक्रमण हटाने के दौरान कई दुकानदारों ने कार्रवाई का विरोध किया। उन्होंने अपना सामान हटाने के लिए अतिरिक्त समय की मांग की। दुकानदारों और पुलिस में तीखी नोकझौंक इस दौरान कुछ दुकानदारों और पुलिस कर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी हुई। दुकानदारों ने टीन शेड सड़क पर डालकर रास्ता जाम करने का प्रयास किया। हालांकि, नायब तहसीलदार हरीश शर्मा और सिटी थाना पुन्हाना के एसएचओ कुंदन सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया, जिसके बाद स्थिति सामान्य हुई और अभियान जारी रहा। रैली के चलते की गई कार्रवाई प्रशासन ने बताया कि यह अभियान 25 जुलाई को होने वाली ‘मेवात विकास संकल्प रैली’ के मद्देनजर चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के आगमन को देखते हुए शहर की मुख्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त किया जा रहा है। रैली में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना है। इसलिए, यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह कार्रवाई की गई है। अधिकारियों की दुकानदारों से अपील अभियान के दौरान प्रशासन ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक सड़क और सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन ने दुकानदारों और आम नागरिकों से सहयोग की अपील भी की।
Source link
CM की रैली से पहले पुन्हाना में अतिक्रमण हटाया:पुलिस-दुकानदारों में तीखी नोकझोंक; महिला दुकानदार बोलीं- गरीब आदमी को परेशान कर रहे
