हरियाणा कृषि प्रबंधन एवं विस्तार प्रशिक्षण संस्थान (हमेटी), जींद और कृषि विभाग अग्रोहा की ओर से गांव जगान में प्रगतिशील किसान और सीआरपी राम सिंह फौजी के खेत पर प्राकृतिक खेती और कपास की फसल पर एक दिवसीय किसान प्रशिक्षण शिविर लगाया गया। इस शिविर में आसपास के करीब 60 किसानों ने भाग लिया। किसानों को प्राकृतिक खेती के आसान तरीके और कपास की वैज्ञानिक खेती से जुड़ी नई जानकारी दी गई, ताकि वे खेती में बेहतर उत्पादन और कम लागत का लाभ उठा सकें। ‘प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी आती है’ कार्यक्रम का आयोजन हमेटी के निदेशक डॉ. सुरेंद्र सिंह यादव के दिशा-निर्देशन में किया गया। इस अवसर पर प्राकृतिक खेती के प्रशिक्षक डॉ. सुभाष चन्द्र ने किसानों को रासायनिक खेती के दुष्प्रभावों से अवगत कराते हुए प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती से उत्पादन लागत में कमी आती है, मिट्टी की उर्वरता बढ़ती है, पर्यावरण सुरक्षित रहता है तथा किसानों को गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित उत्पादन प्राप्त होता है। ‘4 हजार रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि दी जा रही’ कृषि विकास अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने कृषि विभाग द्वारा संचालित प्राकृतिक खेती योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अग्रोहा ब्लॉक में प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने के लिए 125 किसानों का क्लस्टर बनाया गया है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती अपनाने वाले किसानों को देसी गाय की खरीद पर 30 हजार रुपए तक का अनुदान और 4 हजार रुपए प्रति एकड़ प्रोत्साहन राशि प्रदान की जा रही है। जैविक कीटनाशक तैयार करने का दिया प्रशिक्षण प्रगतिशील किसान एवं सीआरपी राम सिंह फौजी ने किसानों को नीमास्त्र, दशपर्णी अर्क सहित विभिन्न जैविक कीटनाशकों को तैयार करने और उनके प्रभावी उपयोग की विधि का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। साथ ही कपास फसल में लाभदायक एवं हानिकारक कीटों की पहचान, आर्थिक क्षति स्तर (ईटीएल) और गुलाबी सुंडी एवं रस चूसक कीटों के प्राकृतिक नियंत्रण के उपायों की विस्तार से जानकारी दी गई। किसानों को रासायनिक दवाइयों के स्थान पर नीम आधारित जैविक कीटनाशकों के उपयोग की सलाह भी दी गई। ये लोग रहे मौजूद कार्यक्रम में सरपंच शमशेर सिंह, विजय कुमार, अनूप सिंह, राजेश, विजेंद्र ढाका, योगेश, सुरेश सहित बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लिया। प्रशिक्षण के अंत में किसानों ने प्राकृतिक खेती अपनाने का संकल्प लिया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के अधिक से अधिक प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने की मांग की।
Source link
अग्रोहा में प्राकृतिक खेती पर फार्मर फील्ड स्कूल आयोजित:कपास की खेती पर दिया वैज्ञानिक प्रशिक्षण; अधिकारी बोले-लागत घटाएं और मुनाफा बढ़ाएं
