फरीदाबाद जिले के गांव मुजेसर स्थित राजकीय प्राथमिक पाठशाला से सटे 2 ट्रांसफार्मरों में गुरुवार दोपहर ओवरलोड होने के कारण तार आपस में चिपक गए। जिससे तेज स्पार्किंग शुरू हो गई। देखते ही देखते तेज धमाकों जैसी आवाजों के साथ दोनों ट्रांसफार्मरों में भीषण आग लग गई। ट्रांसफार्मर स्कूल की दीवार से सटे होने और बिजली की तारें स्कूल भवन के ऊपर से गुजरने के कारण स्कूल में अफरा-तफरी मच गई। किसी भी अनहोनी से बचने के लिए अध्यापकों ने तुरंत सभी बच्चों को स्कूल से सुरक्षित बाहर निकाल लिया और करीब 30 मिनट पहले ही छुट्टी कर दी गई। रेहड़ी-पटरी वालों ने भी हटाई दुकानें घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए। रेहड़ी-पटरी लगाने वाले दुकानदारों ने भी अपनी दुकानें तुरंत हटा लीं। स्थानीय निवासी भगत पर्सवाल, रिंकू, संदीप, ममता, कुलदीप, संगीता और सोनू ने बताया कि इन ट्रांसफार्मरों से अक्सर स्पार्किंग होती रहती थी। इसकी शिकायत कई बार बिजली निगम के अधिकारियों से की गई, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती तो यह हादसा टल सकता था। फायर ब्रिगेड ने आधे घंटे में पाया काबू सूचना मिलने पर बिजली विभाग की टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक आग काफी फैल चुकी थी। फायर कर्मियों ने करीब 30 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। राहत की बात यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने से गांव मुजेसर के गढ़ी, जाखड़, लांबा और कोली मोहल्ला सहित आसपास के 300 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। उमसभरी गर्मी में बिजली कटने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बिजली निगम की टीम क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मरों का निरीक्षण कर मरम्मत और बिजली बहाली के काम में जुटी हुई है। जेई बोले-नया ट्रांसफार्मर लगाना पड़ेगा क्षेत्र के जेई राम महर सिंह ने बताया कि आग से ट्रांसफार्मरों को काफी नुकसान पहुंचा है और नया ट्रांसफार्मर लगाना पड़ेगा। इसके लिए उच्च अधिकारियों को प्रस्ताव भेज दिया गया है। उम्मीद है कि शुक्रवार दोपहर तक नया ट्रांसफार्मर उपलब्ध हो जाएगा। तब तक दूसरे ट्रांसफार्मर से अस्थायी कनेक्शन जोड़कर प्रभावित क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है।
Source link
