हरियाणा सरकार ने आगजनी से प्रभावित किसानों को राहत देने के लिए ‘ई-क्षतिपूर्ति’ पोर्टल दोबारा खोल दिया है। मार्च और अप्रैल में खेतों में लगी आग से रबी फसलों को हुए नुकसान की भरपाई के लिए यह कदम उठाया गया है। सोनीपत डीसी नेहा सिंह ने बताया कि प्रभावित किसान 23 तक अपने नुकसान के दावे पोर्टल पर अपलोड कर सकते हैं। राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने स्पष्ट किया है कि मुआवजे के लिए किसानों को अपने नुकसान का पूरा विवरण और संबंधित दस्तावेज डिजिटल माध्यम से पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य है। यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है और मुआवजे की राशि का निर्धारण पोर्टल पर प्राप्त डेटा के आधार पर ही किया जाएगा। उपायुक्त ने किसानों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार न करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर अपने दावे प्रस्तुत करें। इससे राहत राशि वितरण की प्रक्रिया समय पर शुरू की जा सकेगी। 11 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार, सोनीपत जिले के 11 गांवों के किसानों को इस पोर्टल का सीधा लाभ मिलेगा। इनमें गन्नौर ब्लॉक के अगवानपुर, गन्नौर, बड़ी और गुमर शामिल हैं। अन्य प्रमुख गांवों में कमासपुर, ककरोई, छिछराना, खानपुर कलां, फरमाणा, कतलूपुर और थाना कलां भी शामिल हैं। डीसी नेहा सिंह ने संबंधित पटवारियों और कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे किसानों को पोर्टल पर पंजीकरण करने में सहायता प्रदान करें। सरकार का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि आगजनी जैसी आपदा से प्रभावित कोई भी पात्र किसान मुआवजे से वंचित न रहे।
Source link
फसल नुकसान की भरपाई के लिए ई-क्षतिपूर्ति पोर्टल खुला:सोनीपत के किसान 23 तक कर सकेंगे आवेदन, 11 गांवों के किसानों को मिलेगा लाभ
