Related Posts

गुरुग्राम में डॉक्टर के साथ सरेआम गुंडागर्दी:युवकों ने लाठियों-डंडों से हमला कर गाड़ी के शीशे तोड़े, 23,000 रुपये भी ले गए




गुरुग्राम के भोड़ाकला इलाके में एक डॉक्टर और उनके मित्र पर कार सवार युवकों द्वारा लाठी-डंडों से हमला करने का मामना सामने आया है। आरोपियों ने उनकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और गाड़ी से 23,000 रुपये निकाल कर ले गए। पीड़ित डॉक्टर और उसके साथी ने पुलिस को सूचना दी और राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचे। पीड़ित डॉक्टर की शिकायत पर बिलासपुर थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस को दी शिकायत में पीड़ित नरेश कुमार ने बताया कि वह रेवाड़ी के रहने वाले हैं और 24 जून 2026 को अपने मित्र सतपाल के साथ गांव भोड़ाकला में प्लॉट देखने आए थे। वे अपनी हुंडई क्रेटा कार से चित्रसैन की ढाणी से भोड़ाकला की ओर जा रहे थे। रास्ते में एक युवक ने हाथ दिखाकर गाड़ी रोकने का इशारा किया। उसने अपना नाम काली उर्फ कुलदीप बताया और पूछा कि वे वहां क्या करने आए हैं। प्लॉट देखने आए थे नरेश कुमार ने बताया कि वे डॉक्टर हैं और प्लॉट देखने आए हैं। कुलदीप ने तुरंत अपने फोन से किसी साथी को फोन कर कहा कि नशा मुक्ति केंद्र वाले उठाने आए हैं। दोनों ने इस पर ज्यादा ध्यान नहीं दिया और आगे बढ़ गए। तभी अचानक एक काली स्विफ्ट कार ने उनका रास्ता रोक लिया। मारपीट के बाद रुपए भी ले गए स्विफ्ट से चार-पांच युवक उतरे और बिना किसी बात के लाठियों-डंडों से उन पर हमला कर दिया। नरेश कुमार और सतपाल गाड़ी से बाहर निकले तो उन्हें बुरी तरह पीटा। पीछे से काली उर्फ कुलदीप भी आया और उसने क्रेटा कार का दरवाजा खोलकर अंदर रखे 23,000 रुपये निकाल लिए। हमलावरों में से एक व्यक्ति दूसरे को ललित नाम लेकर पुकार रहा था। चाबी भी छीन ले गए आरोपी लुटेरों ने जाते-जाते नरेश कुमार की गाड़ी की चाबी भी छीन ली और धमकी दी कि इस बार तो छोड़ दिया है, अगली बार इस इलाके में आने की सोचना भी मत, वरना जान से मार देंगे। इसके बाद उन्होंने क्रेटा कार के सभी शीशे लाठियों से तोड़ दिए। पीड़ित डॉक्टर ने पुलिस को बताया कि हम बस प्लॉट देखने गए थे। अचानक इस तरह का हमला देखकर हम डर गए। गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है और हम दोनों घायल हैं। पुलिस जांच कर रही फिलहाल पुलिस का कहना है कि एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस आसपास के इलाकों में पूछताछ और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें