यमुनानगर में आज हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति (ग्रीवेंस कमेटी) की मासिक बैठक में फरियादियों की शिकायतें सुनेंगे। दोपहर 12 बजे महाराजा अग्रसेन कॉलेज के सभागार में होने वाली इस बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़ी लंबित शिकायतों पर सुनवाई होगी। साथ ही पिछली बैठक में दिए गए सख्त आदेशों पर हुई कार्रवाई की रिपोर्ट भी अधिकारियों को मंत्री के सामने पेश करनी होगी। ऐसे में एक बार फिर अधिकारियों की जवाबदेही तय होने और लापरवाही पर सख्त कार्रवाई होने की संभावना है। मंत्री के आदेश पर नगर निगम अधिकारी पर दर्ज हुई एफआईआर पिछली बैठक में मंत्री अनिल विज ने शिकायतों की सुनवाई के दौरान कई विभागों के अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई थी। सबसे चर्चित मामला जगाधरी के सेक्टर-17 में फर्जी तरीके से भूमि की रजिस्ट्री का रहा, जिसमें नगर निगम के तत्कालीन सहायक अभियंता दीपक सुखीजा के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए थे। मंत्री के आदेश के बाद संबंधित अधिकारी के खिलाफ केस भी दर्ज किया जा चुका है। अब इस मामले में पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई की रिपोर्ट आज मंत्री के समक्ष रखी जाएगी। जांच कर गैस एजेंसी सील करने के दिए थे आदेश इसके अलावा सरस्वती नगर स्थित एक गैस एजेंसी पर उपभोक्ताओं के नाम पर फर्जी तरीके से गैस सिलेंडरों की डिलीवरी दिखाकर कालाबाजारी किए जाने की शिकायत पर भी विज ने सख्त रुख अपनाया था। उन्होंने एजेंसी के रिकॉर्ड की विस्तृत जांच, गोदाम की जांच और अनियमितता मिलने पर एजेंसी सील करने तक के निर्देश दिए थे। इस जांच की प्रगति रिपोर्ट भी आज की बैठक में पेश की जाएगी। बैठक में अवैध कॉलोनियों का मुद्दा भी प्रमुख रहेगा। पिछली बैठक में एचएसवीपी की जमीन पर अवैध कॉलोनी काटने और रजिस्ट्रियां कराने के मामले में मंत्री ने उपायुक्त को जांच के निर्देश देते हुए कहा था कि जिन रजिस्ट्रारों ने ऐसी रजिस्ट्रियां की हैं, उनके खिलाफ भी मुकदमा दर्ज कराया जाए। इस मामले में अब तक हुई कार्रवाई की जानकारी भी अधिकारियों को देनी होगी। आज नई शिकायतों के साथ लंबित मामलों की होगी समीक्षा आज की बैठक में जिले के विभिन्न विभागों से संबंधित नई शिकायतों के अलावा पिछली बैठक के लंबित मामलों की समीक्षा होगी। मंत्री अनिल विज मौके पर ही अधिकारियों से जवाब मांगेंगे और संतोषजनक कार्रवाई नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ा रुख अपना सकते हैं। प्रशासनिक अधिकारियों ने बैठक की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
Source link
