![]()
कैथल में हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देकर लाखों रुपए की ठगी करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने स्वयं को स्वास्थ्य विभाग में ड्राइवर बताकर उसे भी कोई न कोई नौकरी लगवाने का झांसा दिया था और कहा था कि उसकी उच्चाधिकारियों तक पहुंच है। पकड़े गए आरोपी की पहचान गांव जखौली निवासी संजू के रूप में हुई है। पाडला के युवक ने शिकायत दी गांव पाडला निवासी कुलदीप सिंह कि शिकायत अनुसार आरोपी संजू ने स्वयं को हरियाणा कौशल रोजगार निगम के माध्यम से स्वास्थ्य विभाग में चालक के पद पर कार्यरत बताते हुए उसकी और उसके भाई संजीव की नौकरी लगवाने का भरोसा दिलाया। संजू ने कहा कि उसकी उच्च अधिकारियों तक पहुंच है और वह दोनों भाइयों को सरकारी विभाग में नौकरी दिलवा देगा। जिसमें उनकी 4 लाख रुपए में बात हो गई। 2 लाख 13 हजार 659 रुपए लिए संजू ने नौकरी लगवाने के नाम पर पहले नकद राशि और बाद में अलग-अलग किस्तों में अपने गूगल-पे नंबर पर कुल 2 लाख 13 हजार 659 ट्रांसफर करवा लिए। काफी समय बीत जाने के बावजूद जब नौकरी नहीं लगी तो आरोपी लगातार बहाने बनाता रहा। बाद में संजू ने उसको को एक ज्वाइनिंग लेटर भी दिया, जिसकी जांच कराने पर वह फर्जी पाया गया। उसने जब अपने रुपए वापस मांगे तो संजू और उसके परिजनों ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। पुलिस प्रवक्ता प्रवीन श्योकंद ने बताया कि जांच में पता चला कि संजू पर अन्य लोगों से भी हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत नौकरी दिलाने के नाम पर रुपए लेने के आरोप हैं। इस बारे में थाना तितरम में मामला दर्ज कर लिया गया। व्यापक पूछताछ के लिए आरोपी का न्यायालय से पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।
Source link







