![]()
रेवाड़ी शहर की पंजाबी मार्केट में दो दुकानदारों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। कबाड़ की रेहड़ी दुकान के सामने खड़ी करने को लेकर हुए विवाद में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला किया। इस दौरान फावड़ा लगने से दोनों दुकानदार घायल हो गए, जिसे ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जानकारी के अनुसार विवाद तब शुरू हुआ, जब एक दुकानदार ने अपनी दुकान से कबाड़ हटाने के लिए कबाड़ी को बुलाया। कबाड़ी ने अपनी रेहड़ी दूसरे दुकानदार की दुकान के सामने खड़ी कर दी, जिस पर दूसरे दुकानदार ने आपत्ति जताई। यह मामूली कहासुनी जल्द ही हाथापाई में बदल गई, जिसमें दोनों पक्षों के बीच लात-घूंसे चले। आसपास मौजूद अन्य दुकानदारों ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया। घायल दुकानदार ट्रॉमा सेंटर में भर्ती मारपीट में एक दुकानदार को फावड़े से चोट लगी, जिससे वह घायल हो गए। वहीं दूसरा दुकानदार भी झगड़े में घायल हो गया। घायलों को तत्काल ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से पूछताछ शुरू की। मामले की जांच में जुटी पुलिस शहर थाना पुलिस ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है, जिसमें दोनों दुकानदारों के बीच हुई हाथापाई स्पष्ट रूप से दिखाई दे रही है। पुलिस इस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Source link







