करनाल में महज 10 रुपए के विवाद में सब्जी विक्रेता संजय सैनी की हत्या करने वाले दोनों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी सलिंद्र और गौरव आपस में चचेरे भाई हैं और गांव दनियालपुर के रहने वाले हैं। सीआईए-3 के जांच अधिकारी नवीन कुमार ने बताया कि एक आरोपी सलिंद्र को 28 मई को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। वहीं दूसरे आरोपी गौरव को 29 मई की शाम गिरफ्तार कर शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेजा गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी कुंजपुरा रोड पर गारमेंट्स की दुकान चलाते हैं। वारदात वाली रात भी वे रोजाना की तरह घर लौट रहे थे और रास्ते में सब्जी खरीदने के लिए दुकान पर रुके थे। इसी दौरान पैसों को लेकर विवाद हुआ और मामला हिंसा में बदल गया। जानिए क्या था पूरा मामला बूढ़ाखेड़ा निवासी शिवानी ने शिकायत में बताया कि उसके पिता संजय सैनी (44) मुख्य सड़क पर नाले के पास सब्जी-फल की दुकान लगाते थे। 26 मई की रात करीब 9:30 बजे वह अपनी मां अनु और तीन बहनों के साथ दुकान पर मौजूद थी। इसी दौरान दो युवक आए और करीब 210 रुपए के फल-सब्जी खरीदकर 200 रुपए देकर जाने लगे। जब शिवानी ने बाकी 10 रुपए मांगे तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। शोर सुनकर संजय सैनी मौके पर पहुंचे और समझाने की कोशिश की, लेकिन आरोपियों ने उन्हें धक्का दे दिया। बहस से शुरू होकर हमला तक पहुंचा मामला देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और हाथापाई शुरू हो गई। शिवानी के अनुसार उसकी छोटी बहन सलौनी पिता को बचाने के लिए डंडा लेकर आई, लेकिन आरोपियों ने डंडा छीनकर उसी पर हमला कर दिया। मां अनु जब बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। इसी दौरान आरोपियों ने संजय सैनी के सिर पर डंडे और ईंट से कई वार किए। ईंट लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। आरोपी मौके से फरार हो गए। इलाज के दौरान हुई मौत परिजन संजय सैनी को तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से हालत गंभीर होने पर उन्हें कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस देर रात अस्पताल पहुंची और जांच शुरू की। परिवार ने सीएम से लगाई गुहार घटना के बाद वीरवार को मृतक के परिजनों ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री ने परिवार को आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। साथ ही बेटियों के भविष्य को लेकर भी सहयोग का भरोसा दिलाया गया है। रिमांड के दौरान होगी गहन पूछताछ पुलिस जांच अधिकारी नवीन कुमार का कहना है कि दोनों आरोपियों का कोई आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है। अब रिमांड के दौरान उनसे गहन पूछताछ कर वारदात से जुड़े हर पहलू की जांच की जाएगी।
Source link
करनाल में सब्जी विक्रेता हत्याकांड में आरोपी गिरफ्तार:10 रुपए के विवाद में किया मर्डर, चचेरे भाई हैं दोनों आरोपी; पुलिस ने रिमांड पर लिया
