फरीदकोट में थाना सदर पुलिस ने नाबालिग स्कूली छात्रा से दुष्कर्म करने के मामले में उसके स्कूल वैन के ड्राइवर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव झोटीवाला निवासी बब्बलदीप सिंह पुत्र जसकरण सिंह के रूप में हुई जोकि एक सरकारी स्कूल से जुड़ी एक वैन का ड्राइवर है जिसने स्कूल से छुट्टी के बाद छात्रा को अपने घर ले जाकर इस घिनौनी वारदात को अंजाम दिया था। घटना करीब तीन माह पहले 3 मार्च 2026 की है जिसका खुलासा अब छात्रा की तबीयत खराब होने के बाद हुआ जिसके बाद परिवार ने पुलिस को शिकायत दी और पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज करते हुए आरोपी को तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को दिए बयान में पीड़ित छात्रा की माता ने बताया कि उसकी 11 वर्षीय बेटी सरकारी स्कूल में सातवीं कक्षा की छात्रा है और स्कूल की वैन से पढ़ाई के लिए आती जाती है। घटना वाले दिन 3 मार्च 2026 को स्कूल से छुट्टी होने के बाद वैन का ड्राइवर बब्बलदीप सिंह सभी बच्चों को होली मनाने का झांसा देकर अपने घर ले गया। आरोपी ने कमरे में ले जाकर रेप किया बाकी बच्चों को उसने घर के बाहर खेलने के लिए छोड़ दिया जबकि उसकी बेटी को कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस के अनुसार आरोपी स्कूल वैन ड्राइवर की इस हरकत का खुलासा छात्रा की तबीयत बिगड़ने के बाद हुआ। कुछ दिनों तक तो परिवार को कुछ समझ नहीं आया और वह उसका घरेलू उपचार करते रहे। लेकिन जब उसकी तबीयत में सुधार न हुआ तो परिवार ने महिला डॉक्टर से उसका चेकअप करवाया तो उसके साथ दुष्कर्म होने की बात सामने आई। इसके बाद परिवार ने 29 मई को पुलिस को शिकायत सौंपी। इस मामले में थाना सदर के एसएचओ इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि जैसे ही परिवार को अपनी बच्ची के साथ हुई वारदात की जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी और पुलिस ने आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 6 के तहत केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।
Source link
फरीदकोट में छात्रा से रेप में स्कूल वैन ड्राइवर गिरफ्तार:3 माह पहले स्कूल छुट्टी के बाद अपने घर ले गया था, तबियत बिगड़ने पर खुलासा
