करनाल जिले में असंध के नागरिक अस्पताल में 7 दिन की नवजात बच्ची की मौत का मामला सामने आया है। परिजनों ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि समय पर इलाज नहीं मिलने के कारण बच्ची ने दम तोड़ दिया। परिजनों का कहना है कि सुबह करीब 8 से दोपहर एक बजे तक बच्ची का इलाज शुरू नहीं किया गया। वहीं अस्पताल प्रशासन ने आरोपों को निराधार बताते हुए कहा है कि बच्ची की मौत पहले ही हो चुकी थी और परिवार की संतुष्टि के लिए पोस्टमार्टम कराने की बात कही गई है। सुबह 8 बजे अस्पताल पहुंचे, नहीं मिला इलाज असंध के वार्ड नंबर 2 निवासी बच्ची के ताऊ विक्रम ने बताया कि उसके छोटे भाई की वाइफ ने 7 दिन पहले बच्ची को जन्म दिया था। डिलीवरी एक प्राइवेट अस्पताल में हुई थी। वह पूरी तरह ठीक थी। आज अचानक तबीयत खराब होने पर वे सुबह करीब 8 बजे बच्ची को नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे। वहां पर्ची भी कटवा ली गई, लेकिन अंदर जाने पर एक कर्मचारी ने उन्हें बाहर बैठने के लिए कह दिया। इंतजार करते रहे, नहीं आई डॉक्टर परिजनों का आरोप है कि उन्होंने कई बार कर्मचारी और पर्ची बनाने वाले स्टाफ से डॉक्टर के बारे में पूछा, लेकिन हर बार यही कहा गया कि डॉक्टर मैडम जल्द आ जाएंगी। इसके बावजूद काफी इंतजार करने के बाद भी डॉक्टर नहीं आई। इस दौरान बच्ची की हालत बिगड़ती गई और उसने बाहर ही गोद में दम तोड़ दिया। एक बजे तक नहीं मिला इलाज विक्रम के अनुसार सुबह से लेकर करीब एक बजे तक बच्ची को कोई इलाज नहीं मिला। बाद में आशा वर्कर के आने के बाद ही बच्ची को अंदर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर यह कह रहे हैं कि बच्ची की मौत पहले ही हो चुकी थी, जबकि ऐसा नहीं है। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। डॉक्टर ने बताया- पहले ही नहीं थी धड़कन अस्पताल की डॉक्टर ज्योति ने बताया कि उन्हें करीब पौने 12 बजे कॉल आई थी कि एक बच्ची की हालत गंभीर है। जब उन्होंने बच्ची को चेक किया तो उसमें कोई धड़कन नहीं थी। बच्ची का शरीर अकड़ चुका था और नीला पड़ गया था। उन्होंने कहा कि अगर परिवार को संदेह है तो पोस्टमार्टम कराया जा सकता है। एसएमओ बोले- 5-6 घंटे पहले हो चुकी थी मौत अस्पताल के एसएमओ सुबे सिंह ने बताया कि जांच के समय बच्ची की मौत करीब 5 से 6 घंटे पहले हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि यदि अभिभावक मौत के कारण जानना चाहते हैं तो पोस्टमार्टम कराया जाएगा, जिससे सच्चाई सामने आ सकेगी।
Source link
असंध अस्पताल में नवजात बच्ची की मौत:परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाया, डॉक्टर बोले- पहले ही नहीं थी धड़कन
