.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर राघव चड्ढा से जुड़ी रही। वे AAP को छोड़कर 7 सांसदों के साथ भाजपा में शामिल हो गए। उनके साथ अशोक मित्तल ने ED छापे के 10वें दिन भाजपा जॉइन की।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. AAP के 7 सांसदों के साथ राघव चड्ढा भाजपा में शामिल
आम आदमी पार्टी के 10 राज्यसभा सांसदों में से 7 सांसद भाजपा में शामिल हो गए। इसका ऐलान पंजाब से राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने शुक्रवार शाम को 4 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस में किया। उन्होंने बताया कि सांसद संदीप पाठक, अशोक कुमार मित्तल, हरभजन सिंह, विक्रमजीत सिंह साहनी, स्वाति मालीवाल, राजेंदर गुप्ता हमारे साथ हैं।
राघव चड्ढा ने कहा कि पार्टी के दो-तिहाई सांसदों के साथ भाजपा में शामिल हो रहा हूं। संदीप पाठक और अशोक मित्तल के साथ एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की। चड्ढा ने कहा- हमने यह फैसला किया है कि हम, यानी राज्यसभा में AAP के दो-तिहाई सदस्य, भारत के संविधान के प्रावधानों का इस्तेमाल करते हुए खुद को BJP में मिला लेंगे। उन्होंने कहा- जिस AAP को मैंने अपने खून-पसीने से सींचा और अपनी जवानी के 15 साल दिए, वह अब अपने सिद्धांतों, मूल्यों और मूल नैतिकता से भटक गई है।
उधर, सीएम भगवंत मान ने कहा कि राघव का यहां दम घुटने लग गया। जब 50 नंबर कोठी में थे, तो वहां पर बड़ी खुली हवा आती थी। साइकिल का भी स्टैंड होता है। कहीं तो खड़े हो जाओ। वैसे तो यह सरपंच बनने लायक नहीं थे। अशोक मित्तल के यहां ईडी का एक छापा था। इनकी पार्टी ईडी और सीबीआई के सिर पर चलती है। यह मेले वाले अमरूद बनकर रह गए हैं। इन्हें कौन पूछेगा। (पढ़ें पूरी खबर)
2. रिटायर्ड सूबेदार की बेटी की बेंच पर बैठे-बैठे मौत
लुधियाना से कनाडा गई एक युवती की पार्क में बैठे-बैठे मौत हो गई। पार्क में मौजूद लोगों ने जब उसे हिलाकर देखा तो उसकी सांसें नहीं चल रही थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
घटना कनाडा के ओंटारियो प्रांत की है। युवती रोजाना की तरह जॉर्जियन कॉलेज बैरी और अपने घर के बीच स्थित एक पार्क में सैर करने गई थी। वहीं पार्क की एक बेंच पर उसकी मौत हो गई। युवती की पहचान नई आबादी अकालगढ़ सुधार बाजार की रहने वाली अनमोलदीप कौर (26) के रूप में हुई है।
अनमोलदीप कनाडा में पढ़ाई के साथ चाइल्ड केयर का काम कर रही थी और वर्क परमिट पर रह रही थी। करीब एक साल पहले उसने पीआर के लिए भी आवेदन किया था। अनमोलदीप के पिता, सेना से रिटायर्ड सूबेदार परमिंदर सिंह ने बताया कि उनकी बेटी 2021 में कनाडा गई थी। उन्होंने बताया कि अनमोलदीप ने हाल ही में अपनी मां अमरदीप कौर को विजिटर वीजा पर कनाडा बुलाने के लिए भी आवेदन किया था। जल्द वीजा मिलने की उम्मीद थी। (पढ़ें पूरी खबर )
3. मां-बाप संग मिलकर पत्नी की हत्या
चंडीगढ़ में ससुरालियों ने महिला की मौत को पहले नेचुरल डेथ बताकर मामला दबाने की कोशिश की, लेकिन पड़ोसी के एक बयान ने पुलिस के शक को गहरा कर दिया। जांच के दौरान सामने आया कि घटना से करीब 10 दिन पहले घर में मारपीट हुई थी। इसी इनपुट के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया और जांच का दायरा बढ़ाया। अस्पताल की एमएलसी और बाद में आई पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मामला पूरी तरह पलट गया।
मृतका प्रतिमा की शादी करीब दो साल पहले चंडीगढ़ के धनास स्थित ईडब्ल्यूएस कॉलोनी में हुई थी। शादी के बाद वह ससुराल में रह रही थी और उसकी एक 10 महीने की बेटी भी है। 4 अप्रैल को प्रतिमा का पति नवीन अपनी ड्यूटी पर गया हुआ था।
परिवार के अनुसार, दोपहर घर के कमरे में बेड पर प्रतिमा चुपचाप लेटी थी। सास रीवा देवी ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं आया। पास जाकर हिलाया, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं थी। इसके अस्पताल लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने उसकी मौत की पुष्टि की। इसके बाद ससुरालियों के पूछताछ में बयानों के विरोधाभास सामने आए और खुलासा हुआ कि पति ने मां-बाप के साथ मिलकर पत्नी की हत्या की थी। इसी आधार पर पति, सास और ससुर को आरोपी बनाकर गिरफ्तार कर लिया।(पढ़ें पूरी खबर)
4. कनाडा में बुजुर्ग पंजाबी को धक्के मारे, युवक बोला- इंडिया जाओ
कनाडा में एक लोकल युवक ने पंजाबी बुजुर्ग को धक्के मारे। उसने बुजुर्ग को कनाडा से पंजाब जाने को कहा। उसने ये भी कहा कि तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो। यह घटना शुक्रवार को कनाडा के वुडस्टाक की है। जिस वक्त युवक ने बुजुर्ग के साथ बदतमीजी की, वह घर के बाहर घूम रहे थे। इसका वीडियो भी सामने आया है, जिसमें आरोपी युवक ने मास्क लगा रखा है। वह बुजुर्ग पर नस्लीय टिप्पणियां करता हुआ दिख रहा है।
इस घटना को देख वहां मौजूद दूसरे लोगों ने तुरंत पुलिस को कॉल कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को जमीन पर गिराकर गिरफ्तार कर लिया है। मास्क पहना युवक वीडियो में बुजुर्ग को उकसाता हुआ नजर आता है। वुडस्टाक पुलिस का कहना है कि अभी प्राथमिक जांच में यही सामने आया है कि युवक ने ये काम अपनी मर्जी से किया है। इसके पीछे कोई ग्रुप या शरारती तत्व नहीं है। सिख समुदाय इसे कनाडा में बढ़ते एंटी सिख हेट क्राइम का हिस्सा मान रहा है।
वुडस्टाक पुलिस के प्रवक्ता ने कहा कि आरोपी युवक को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी और पंजाबी बुजुर्ग की पुलिस ने पहचान उजागर नहीं की है। पुलिस का कहना है कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, कनाडा के कानून अनुसार पहचान नहीं बताई जा सकती। बुजुर्ग के परिवार की तरफ से भी कोई बयान नहीं आया। (पढ़ें पूरी खबर)
5. खालिस्तानी समर्थक सांसद अमृतपाल 2027 में होंगे CM फेस
अकाली दल वारिस पंजाब दे ने 2027 विधानसभा चुनावों को लेकर अपना सीएम फेस घोषित कर दिया है। पार्टी ने कहा कि डिब्रूगढ़ जेल में बंद खालिस्तानी समर्थक MP अमृतपाल सिंह उनकी ओर से सीएम पद का फेस होंगे। लुधियाना में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पार्टी पदाधिकारियों ने यह बात कही।
पार्टी नेताओं ने केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अमृतपाल सिंह के खिलाफ सोची-समझी राजनीतिक साजिश रची गई है। अमृतपाल सिंह पर जानबूझकर NSA (नेशनल सिक्योरिटी एक्ट) लगाया गया ताकि उन्हें पंजाब की राजनीति से दूर रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि बीते दिनों NSA हटा लिया गया है, लेकिन इसके बावजूद उन्हें अभी तक रिहा नहीं किया गया, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि पंजाब के हितों की रक्षा न तो दिल्ली से चलने वाली पार्टियां कर सकती हैं और न ही राष्ट्रीय दल। उन्होंने कहा पंजाब की मिट्टी, पानी और किसानी के मुद्दों को केवल एक क्षेत्रीय पार्टी ही समझ सकती है। भाई अमृतपाल सिंह पंजाब के हक की आवाज हैं और 2027 में जनता उन्हें मुख्यमंत्री के रूप में चुनेगी।(पढ़ें पूरी खबर)
6. कारोबारी से 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी, बंबीहा गैंग से मिली धमकी
चंडीगढ़ में एक कारोबारी को विदेशी नंबर से कॉल कर 2 करोड़ रुपए की रंगदारी मांगी गई है। कॉल करने वाले ने खुद को बंबीहा गैंग से जुड़ा गैंगस्टर रोहित गोदारा बताया और पैसे न देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
सेक्टर-39 थाना क्षेत्र में इमिग्रेशन कंपनी चलाने वाले कारोबारी करण सिंह को यह धमकी भरी कॉल आई। कॉल करने वाले ने न केवल रंगदारी की मांग की, बल्कि कारोबारी के घर, ऑफिस, आने-जाने के रास्तों और परिवार के सदस्यों तक की पूरी जानकारी होने का दावा भी किया। आरोपी ने वॉट्सऐप के जरिए कई वॉयस नोट भेजे। इन वॉयस नोट्स में उसने साफ तौर पर कहा कि 2 करोड़ रुपए हर हाल में देने होंगे, नहीं तो अंजाम बेहद गंभीर होंगे।
धमकियों से परेशान होकर पीड़ित ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसी दौरान जब पुलिस टीम मौके पर मौजूद थी, आरोपी की दोबारा कॉल आ गई। यह कॉल पुलिस टीम के सामने ही रिसीव की गई, जिसमें आरोपी ने फिर से पैसे देने का दबाव बनाया और पहले दी गई धमकियों को दोहराया। पुलिस ने इस कॉल को गंभीरता से लेते हुए तुरंत तकनीकी जांच शुरू कर दी। (पढ़ें पूरी खबर)
7. युद्ध के वक्त बचाव की मॉक ड्रिल, शाम को सभी जिलों में 15 मिनट ब्लैकआउट रहेगा
पंजाब में आज 15 मिनट के लिए अंधेरा छाएगा। इसके लिए हर जिले में रात 8 से 8.15 बजे तक ब्लैकआउट किया जाएगा। ब्लैकआउट यानी घर की सभी लाइटें बंद करने के लिए सायरन बजाया जाएगा। युद्ध जैसे इमरजेंसी हालात से निपटने के लिए ये मॉक ड्रिल कराई जा रही है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देश पर इसकी तैयारियां की जा रही हैं। इससे पहले सभी जिलों में अलग-अलग जगहों पर लोगों को राहत पहुंचाने का भी अभ्यास किया जाएगा।
ब्लैकआउट के दौरान जनरेटर-इनवर्टर और टॉर्च के इस्तेमाल पर भी रोक रहेगी। पावरकॉम की तरफ से प्रमुख बाजारों, सरकारी भवनों और आवासीय कॉलोनियों में कुछ समय के लिए बिजली सप्लाई रोकी जाएगी। मॉक ड्रिल के लास्ट में 2 मिनट तक लगातार सायरन बजेगा, जो “ऑल क्लियर” का संकेत होगा, जिसके बाद सामान्य स्थिति बहाल हो जाएगी।
पंजाब सरकार के प्रवक्ता ने कहा कि लोग घबराएं नहीं। यह सिर्फ मॉक ड्रिल है, इसमें अपना पूरा सहयोग करें। इससे पहले पिछले साल मई महीने में भारत के ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान ने हमला करने की कोशिश की थी। उस दौरान इसी तरह से ब्लैकआउट को लागू कराया गया था। (पढ़ें पूरी खबर)
8. ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ वेब सीरीज पर केंद्र की रोक
गैंगस्टर लॉरेंस के जीवन और उससे जुड़े घटनाक्रमों पर आधारित वेब सीरीज ‘लॉरेंस ऑफ पंजाब’ पर केंद्र सरकार ने रोक लगा दी है। इसको लेकर पंजाब पुलिस ने केंद्र को पत्र लिख राज्य का माहौल खराब होने का हवाला देकर रोक की मांग की थी। दूसरी तरफ लॉरेंस के परिवार ने भी इस सीरीज का विरोध किया था।
लॉरेंस के परिवार ने इस सीरीज के कंटेंट, इसके निर्माण की प्रक्रिया और रिलीज होने के समय पर सवाल खड़े किए थे। वेब सीरिज बनाने के लिए न तो परिवार से परमिशन ली गई है और न ही सरकार से। लॉरेंस के चाचा रमेश का कहना है कि फिल्म के प्रोड्यूसर पर इस मामले में सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने भी इस सीरीज का विरोध किया था।
लॉरेंस गैंग ने साल 2022 में पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की हत्या, फिर 2023 में करणी सेना के नेता सुखदेव सिंह गोगामेड़ी के मर्डर, एनसीपी विधायक बाबा सिद्दीकी की हत्या और सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग की जिम्मेदारी ले चुका है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. पंजाब में 30 अप्रैल से जनगणना, 33 सवाल पूछे जाएंगे
पंजाब में जनगणना को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। 30 अप्रैल से 14 मई, 2026 तक लोग खुद ऑनलाइन जानकारी भर सकेंगे। इसे स्व-गणना नाम दिया गया है। वास्तविक जनसंख्या की गिनती का दूसरा चरण नौ फरवरी 2027 में होगा, जिसमें हर व्यक्ति का डेटा दर्ज किया जाएगा।
इसके बाद पहला चरण यानी मकान की सूची और आवास गणना 15 मई 2026 से शुरू होकर 13 जून 2026 तक चलेगी। कर्मचारी घर-घर जाकर लोगों से 33 सवाल पूछेंगे, जिसमें मकान और सुविधाओं से जुड़े सवाल होंगे।
इसके लिए विभाग की तरफ से कुल 67 हजार मुलाजिम तैनात किए जाएंगे। लोकल बॉडी विभाग के सचिव मनजीत सिंह बराड़ व निदेशक जनगणना नवजोत खोसा ने यह जानकारी शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके..
10. लुटेरे से भिड़ी NRI महिला, बहन के साथ मिलकर नीचे गिराया, जमकर पिटा
लुधियाना में सोने की चेन झपट रहे एक लुटेरे से NRI महिला और उसकी बहन भिड़ पड़ी। बाइक सवार लुटेरे ने दोनों को अकेला पाकर झपटमारी की कोशिश की। वो पहले सुनसान गली में महिलाओं की रेकी करता है, फिर अकेला पाकर लूट को अंजाम देता है। घटना वीडियो भी सामने आया है।
लुटेरे के चेन झपटते ही महिलाएं उसे दबोच लेती हैं और शोर मचा देती है। इसके बाद काफी लोग उन्हें बचाने आ जाते हैं। पीड़ित महिला की पहचान राज कौर के रूप में हुई है। राज कौर ग्रीस से बस्ती जोधेवाल स्थित अपनी बहन के घर आई थीं।
घटना की सूचना मिलते ही दरेसी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के अनुसार लुटेरे की बाइक पर जाली नंबर प्लेट लगी हुई थी। पुलिस अब इलाके के अन्य CCTV कैमरों को खंगाल रही है, ताकि भागने वाले रूट का पता चल सके। फिलहाल अज्ञात हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
