नूंह जिले में मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में एक बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। नूंह प्रशासन ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान अनियमितताओं, अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना और समीक्षा बैठकों से अनुपस्थिति के आरोपों के बाद थाना आकेड़ा प्रभारी को पत्र भेजा है। यह मामला विधानसभा क्षेत्र-79 नूंह के बूथ नंबर-185 से संबंधित है। यहां नियुक्त बीएलओ सुनील कुमार, जो राजकीय माध्यमिक विद्यालय बिरसीका में जेबीटी शिक्षक हैं, पर निर्वाचन संबंधी जिम्मेदारियों को गंभीरता से न निभाने का आरोप है। प्रशासनिक जांच में पाया गया कि विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करने, गणना प्रपत्रों का वितरण और संग्रहण करने जैसे महत्वपूर्ण कार्यों में अपेक्षित प्रगति नहीं हुई। बीएलओ को दिए गए गई बार नोटिस निर्वाचक पंजीयन अधिकारी एवं एसडीएम नूंह आदित्य विक्रम ने बताया कि संबंधित बीएलओ को कई बार निर्देश दिए गए, नोटिस जारी किए गए और कार्य में सुधार के लिए चेताया गया। इसके बावजूद उनकी कार्यशैली में कोई बदलाव नहीं आया। जांच में यह भी सामने आया कि सुनील कुमार समीक्षा बैठकों में अनुपस्थित रहे और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का भी पालन नहीं किया। प्रशासन का मानना है कि इस तरह की लापरवाही से मतदाता सूची की शुद्धता और विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है। इसे गंभीर मानते हुए जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा-32 के तहत एफआईआर दर्ज कराने की सिफारिश की गई है। एसडीएम बोले- लापरवाही बर्दाश्त नहीं एसडीएम आदित्य विक्रम ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन कार्य केवल एक सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि लोकतंत्र की बुनियाद से जुड़ी एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसमें लापरवाही, उदासीनता या आदेशों की अवहेलना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यह भी कहा कि चुनावी कार्यों में कोताही बरतने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
नूंह में SIR में लापरवाही, बीएलओ पर होगी FIR:SDM ने दिए आदेश, नोटिस देने पर भी नहीं सुधार, लापरवाह कर्मचारियों को हिदायत
