हरियाणा राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (SVACB) ने जींद जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। ब्यूरो ने पुश्तैनी भूमि के इंतकाल में संशोधन के बदले रिश्वत मांगने के आरोप में एक महिला पटवारी नीलम और उसके पति सतीश कुमार को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई उचाना में तैनात हल्का पटवारी नीलम और उसके पति सतीश कुमार के खिलाफ की गई है। उनके विरुद्ध थाना राज्य सतर्कता एवं भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो, करनाल में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7, 7ए तथा भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 61(2) के तहत मामला दर्ज किया गया है। शिकायतकर्ता ने ब्यूरो को बताया था कि उसकी पैतृक भूमि का इंतकाल अपने और अपने भाइयों के नाम दर्ज कराने के लिए पटवारी नीलम और उसके पति सतीश कुमार 8 हजार रुपए की रिश्वत मांग रहे थे। एसीबी की टीम ने पकड़ने के लिए बिछाय जाल शिकायत के सत्यापन के बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो करनाल इकाई, जींद की टीम ने आरोपियों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। कार्रवाई के दौरान, सतीश कुमार को उचाना बस स्टैंड के पास एक पेट्रोल पंप पर शिकायतकर्ता से 8 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। जांच में सामने आया कि सतीश कुमार अपनी पत्नी नीलम, जो उचाना में हलका पटवारी के पद पर कार्यरत है, के साथ मिलकर रिश्वत की मांग कर रहा था। इसके बाद ब्यूरो की टीम ने सह-आरोपी नीलम को उसके गांव काकड़ोद स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया। मामले की गहन जांच जारी है।
Source link
जींद में महिला पटवारी और पति रिश्वत लेते अरेस्ट:पुश्तैनी भूमि के इंतकाल में संशोधन के लिए मांगे 8 हजार, एसीबी करनाल ने की कार्रवाई
