हांसी जिम संचालक कपिल की गोलियां से भूनकर हत्या कर दी गई थी।
हरियाणा के हांसी में 25 दिन पहले हुए जिम संचालक कपिल रेढू हत्याकांड के दो मुख्य आरोपियों के पुलिस एनकाउंटर को लॉरेंस गैंग ने फेक बताया है। पुलिस ने एक ज्वाइंट ऑपरेशन में दोनों को ढेर किया था।
.
लॉरेंस गैंग के सुंदर टकला ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा- पुलिस ने जो दो लड़कों का एनकाउंटर किया है वो एकदम फर्जी है। मारे गए दोनों भाइयों को पुलिस ने केरल से पकड़ा था। पुलिस उन्हें वहां से उठाकर लाई है और उनके पास इसके पुख्ता सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं।
सुंदर ने दावा किया कि एनकाउंटर के वक्त दोनों शूटरों के पास कोई हथियार नहीं था। जिस हथियार से हांसी में जिम संचालक का मर्डर हुआ था, वह पहले से ही हांसी CIA-2 के पास जमा है। वहीं पुलिस ने इसे एक आत्मरक्षार्थ की गई जवाबी कार्रवाई बताया था।
बता दें कि करीब 25 दिन पहले हांसी में 25 वर्षीय जिम संचालक कपिल रेढू की अंधाधुंध गोलियां मारकर हत्या कर दी गई थी, जिसमें एक युवती भी घायल हुई थी। मर्डर के महज 5 घंटे बाद लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर इस हत्याकांड की जिम्मेदारी ली थी। तभी से पुलिस इन दोनों शूटरों की तलाश में जुटी हुई थी।
गैंगस्टर की तरफ से किए गए मैसेज…
जानिए सुंदर टकला ने पोस्ट में क्या दावा किया…
- केरल से उठाकर लाए, निहत्थों को मारा : गैंगस्टर सुंदर ने सोशल मीडिया पर एक लंबी पोस्ट डालकर पुलिस के एनकाउंटर को फेक बताया। गैंगस्टर ने दावा किया कि मारे गए दोनों भाइयों (शूटरों) को पुलिस ने केरल से पकड़ा था। पुलिस उन्हें वहां से उठाकर लाई है और उनके पास इसके पुख्ता सीसीटीवी फुटेज भी मौजूद हैं।
- उनके पास हथियार नहीं थे : पोस्ट में दावा किया गया है कि एनकाउंटर के वक्त दोनों शूटरों के पास कोई हथियार नहीं था। जिस हथियार से हांसी में जिम संचालक का मर्डर हुआ था, वह सामान पहले से ही हांसी CIA-2 के पास जमा है।
- नाकामी छिपाने को एनकाउंटर किया : जिस क्रिमिनल (कपिल रेढू) का मर्डर इन भाइयों ने किया था, उसे हांसी पुलिस ने पहले पैसे लेकर छोड़ दिया था। यह एनकाउंटर पुलिस के फेलियर को छिपाने का सबसे बड़ा सबूत है।
- गैंगस्टर बोला-हम रूकेंगे नहीं: इस नुकसान से सुंदर रुकने वाला नहीं है। अब मैं कसूर और बेकसूर नहीं देखूंगा, जो रास्ते में आया वो मरेगा। इस नुकसान का दुगना भुगतान भुगतना पड़ेगा। अगला दुश्मन तैयार रहे। पोस्ट के आखिर में लॉरेंस बिश्नोई, संदीप सेठी और गोगी मान ग्रुप जैसे कई गैंग के नाम लिखे गए हैं।
बहादुरगढ़ में हरियाणा एसटीएफ बदमाशों का एनकाउंटर किया था।
अब जानिए पुलिस ने एनकाउंटर के बाद क्या कहा था…
- घेराबंदी की तो बदमाशों ने चलाई गोलियां, जवाबी कार्रवाई में ढेर : दूसरी ओर, हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बहादुरगढ़ और दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने इस एनकाउंटर को पूरी तरह से एक जेन्युइन जॉइंट ऑपरेशन बताया।
- SP बोले- बड़ी वारदात को अंजाम देने वाले थेः एसटीएफ के एसपी विक्रांत भूषण के मुताबिक, शनिवार देर रात करीब 1:30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि 1-1 लाख रुपये के इनामी दोनों बदमाश बहादुरगढ़ क्षेत्र के बालौर बाईपास के पास किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं।
- बदमाशों ने 12-13 राउंड फायरिंग की: एसटीएफ के एसपी का कहना था कि पुलिस टीमों ने जब बदमाशों को घेरा, तो खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से करीब 12 से 13 राउंड गोलियां चलीं।
- एक कांस्टेबल घायल हुआ थाः बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस का एक कांस्टेबल गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, बदमाशों की गोलियां चार अन्य पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं, जिससे उनकी जान बच गई।
- मौके पर मरने की बात कही : पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश मौके पर ही ढेर हो गए। मृतकों की पहचान हिसार जिले के रहने वाले प्रवेश (निवासी टिब्बा दानाशेर) और हिमांशु (निवासी जाखोड़ खेड़ा) के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से बदमाशों की पिस्टल और गोलियों के खोल भी बरामद हुए हैं।
———————-
यह भी पढ़ें- लॉरेंस गैंग के 2 सुपारी किलर एनकाउंटर में ढेर:हरियाणा STF-दिल्ली पुलिस का ऑपरेशन, 1 पुलिस अफसर भी घायल; हांसी में जिम संचालक की हत्या की थी
हरियाणा पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) बहादुरगढ़ और दिल्ली पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस स्पेशल सेल ने जॉइंट ऑपरेशन में दो सुपारी किलर को ढेर कर दिया। दोनों बदमाशों ने करीब 23 दिन पहले हांसी में जिम संचालक कपिल रेढू (25) की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पूरी खबर पढ़ें…
