.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर कांग्रेस में बगावत से जुड़ी रही। चन्नी गुट प्रदेश प्रभारी की बैठक छोड़कर दिल्ली रवाना हो गया। जहां वे हाईकमान से मिलेंगे। वहीं चंडीगढ़ पहुंचे भूपेश बघेल को चन्नी समर्थकों ने रिसीव तक नहीं किया।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. चन्नी गुट ने पंजाब प्रभारी की बैठक छोड़ी, दिल्ली रवाना
पंजाब कांग्रेस में खुली बगावत हो गई है। पूर्व CM व जालंधर से सांसद चरणजीत चन्नी ने पंजाब कांग्रेस इंचार्ज भूपेश बघेल की मीटिंग का बायकॉट कर दिया है। चन्नी अपने समर्थक सांसदों, विधायकों व पूर्व विधायकों से मीटिंग के बाद दिल्ली रवाना हो गए हैं। जहां वे हाईकमान से मिलेंगे। चन्नी समर्थकों ने बघेल को रिसीव तक नहीं किया।
चन्नी को नया प्रधान बनने के लिए अब तक एक सांसद सुखजिंदर रंधावा और 6 विधायकों का समर्थन मिल गया है। इसके अलावा नए वर्किंग प्रधान संगत सिंह गिलजियां भी उनके गुट में शामिल हो गए हैं। मौजूदा प्रधान अमरिंदर राजा वड़िंग के पक्ष में सिर्फ एक सांसद डॉ. अमर सिंह आए हैं। कोई भी विधायक उनके समर्थन में नहीं बोला है।
चन्नी ने प्रभारी के आने से पहले ही मोहाली में अपने समर्थक नेताओं से मीटिंग की। जिसमें प्रभारी के बायकॉट का फैसला लिया गया। चन्नी ने सोशल मीडिया पर भी लिखा कि यह मोरिंडा में हुई पहली मीटिंग की ही कड़ी है। कांग्रेस हाईकमान ने बगावत थामने के लिए बघेल को 5 दिन के लिए पंजाब भेजा है। वह चंडीगढ़ में दोनों गुटों से मीटिंग करने के लिए आए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
2. BJP के रोडशो के खिलाफ पुलिस में शिकायत, हनुमान वेशधारी को नचाया था
यूपी के लखनऊ में BJP के रोड शो को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। रोड शो के दौरान भगवान हनुमान जी की वेशभूषा के कथित गलत इस्तेमाल का आरोप लगाया गया है। पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट के वकील तथा ‘काउंसिल ऑफ लॉयर्स’ के चेयरमैन एडवोकेट वासु रंजन ने चंडीगढ़ DGP और SSP को ईमेल के जरिए शिकायत भेजी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के रोड शो के दौरान भगवान हनुमान का वेश धारण किए व्यक्ति को उनके आगे नचाया गया, जिससे करोड़ों हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। शिकायतकर्ता ने इसे भगवान हनुमान के पावन स्वरूप का अनुचित और अपमानजनक इस्तेमाल बताया है।
शिकायत में संबंधित लोगों के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने के आरोप में तत्काल FIR दर्ज करने, मामले की निष्पक्ष जांच कराने और घटना से जुड़े सभी डिजिटल व अन्य सबूत सुरक्षित रखने की मांग की गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. 4 जिलों में बारिश, घरों में घुसा पानी, चंड़ीगढ़ में तेज बारिश
जालंधर, कपूरथला और गुरदासपुर में तेज बारिश हुई, जबकि पठानकोट में बूंदाबांदी दर्ज की गई। गुरदासपुर शहर में बारिश के कारण बाजारों और निचले इलाकों में पानी भर गया। कई घरों में भी पानी घुसने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, चंडीगढ़ में दोपहर के समय तेज बारिश हुई।
मौसम विभाग के अनुसार, आज से अगले चार दिनों तक पंजाब और चंडीगढ़ में भारी बारिश की संभावना है। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है। पिछले 24 घंटे के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में 0.9 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। इसके बावजूद तापमान सामान्य स्तर पर बना हुआ है।
बीते 24 घंटे में पंजाब के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक 6 सेंटीमीटर बारिश पटियाला में हुई, जबकि जालंधर और लुधियाना में 5-5 सेंटीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई। (पढ़ें पूरी खबर)
4. दिलजीत की 2 दिन पहले रिलीज ‘सतलुज’ OTT से हटाई
पंजाब के मानवाधिकार कार्यकर्ता जसवंत सिंह खालड़ा के जीवन पर आधारित दिलजीत दोसांझ की फिल्म को अचानक OTT प्लेटफॉर्म से हटा दिया गया। खालड़ा ने आतंकवाद के दौर में पंजाब में फेक एनकाउंटर में 25 हजार युवाओं को मारने का दावा किया था। यह फिल्म 3 साल की रोक के बाद 2 दिन पहले ही नाम बदलकर रिलीज की गई थी।
पहले इसका नाम ‘पंजाब 95’ था, जिसे ‘सतलुज’ नाम से OTT प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया गया था। फिल्म हटाने के बाद दिलजीत दोसांझ ने कहा- एक इंसानियत होती है, वह इंसानियत मर गई। मुझे इस बात का दुख नहीं है कि फिल्म इंटरनेट से हटा दी गई, क्योंकि फिल्म लोगों तक पहुंच चुकी है।
वहीं फिल्म क्यों हटाई गई, किसने हटवाई, इसको लेकर कोई खुलासा नहीं हुआ है। OTT प्लेटफॉर्म ZEE5 के बयान में सिर्फ इतना कहा गया है कि मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए अगले आदेश तक ‘सतलुज’ प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं रहेगी। (पढ़ें पूरी खबर)
5. भाई को VIDEO भेज बहन का सुसाइड, बोली- पति कहता मुझे छोड़ दे
पटियाला में महिला ने फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। उसने मरने से पहले एक वीडियो बनाया और अपने भाई को भेज दिया। वीडियो मिलते ही भाई व मां ने उसके के ससुराल वालों को फोन किया, लेकिन किसी ने फोन नहीं उठाया।
इसके बाद उन्होंने रिश्तेदार को उसके घर भेजा, तो पता चला कि उसने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इसके बाद लुधियाना से मायके वाले वहां पहुंचे, तो ससुराल के लोग घर से गायब मिले। पुलिस ने शव को फंदे से उतारा और रजिंद्रा अस्पताल में रखा।
मरने से पहले महिला ने वीडियो में कहा- मेरा पति मुझसे आजाद होना चाहता है। वह मुझे हमेशा बोलता है कि मुझे आजाद कर दे, मुझे छोड़ दे… इसलिए आज मैं उसे हमेशा के लिए आजाद कर रही हूं। अगर इसके बाद मैं अपने साथ कुछ भी करती हूं, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी मेरे पति, सास, ननद और ससुर की होगी। ये सब बहुत गंदे लोग हैं। मेरी मौत के जिम्मेदार ये सब होंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
6. मस्जिद के बाहर दुकान फूंकी, कई धार्मिक किताबें जलीं
लुधियाना में मस्जिद परिसर के बाहर बनी दुकान में आग लगा दी गई। जिससे धार्मिक पुस्तकें और सामान जल गया। घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। जिसमें तीन युवक बाइक पर सवार होकर आत दिखे। इनमें से एक युवक ने बाइक से उतर कर दुकान के बाहर पेट्रोल छिड़का, इसके बाद आग लगा दी।
इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद वहां पर कोई मौजूद नहीं था। थाना दरेसी पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ASI हरभोल सिंह ने कहा कि इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे चेक कर रहे है।
फिलहाल जो अभी फुटेज सामने आई है, उसमें बाइक का नंबर पता नहीं चल पा रहा और आरोपियों के चेहरे क्लियर नहीं नजर आ रहे। आसपास के मोहल्लों के कैमरे चेक कर रहे हैं, दुकानदार से भी पूछा है कि उसकी किसी के साथ कोई पुरानी रंजिश तो नहीं है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. कुल्हड़ पिज्जा वाले सहज अरोड़ा बर्थडे पर पहुंचे वृंदावन
जालंधर के मशहूर ‘कुल्हड़ पिज्जा’ कपल में से सहज अरोड़ा अपने बर्थडे के अवसर पर वृंदावन पहुंचे। यहां उन्होंने संत प्रेमानंद महाराज से मुलाकात की। बातचीत के दौरान सहज अरोड़ा ने प्रेमानंद से कहा- महाराज जी, आज मेरा बर्थडे है, लेकिन मैं खुश नहीं हूं, क्योंकि मेरी जिंदगी का एक और साल कम हो गया है।
सहज की यह बात सुनकर प्रेमानंद जी मुस्कुराए और बोले- तुम पहले व्यक्ति हो जो ऐसा बोल रहे हो। आमतौर पर लोग जन्मदिन पर खुशी मनाते हैं। इसी दौरान प्रेमानंद जी महाराज ने जन्मदिन मनाने का तीन सूत्रीय तरीका भी बताया। उन्होंने कहा कि जीवन में नाम सिमरन पर विशेष बल देना चाहिए और परमात्मा को आत्मसात करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि जन्मदिन ऐसा होना चाहिए, जिससे व्यक्ति का परलोक सुधर जाए।
सहज अरोड़ा ने इस मुलाकात का वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर भी साझा किया है। वीडियो में वह संगत के बीच बैठे नजर आते हैं और हाथ जोड़कर प्रेमानंद जी से कहते हैं, “महाराज जी, आज मेरा जन्मदिन है, जिंदगी का एक और साल कम हो गया। (पढ़ें पूरी खबर)
8. घर बुलाकर बॉयफ्रेंड की कुल्हाड़ी से गर्दन काटी
फरीदकोट में बॉयफ्रेंड को घर बुलाकर हत्या कर दी गई। परिजनों के अनुसार, महिला ने उसे मिलने के लिए बुलाया था, लेकिन महिला के पति-भाई और उसने मिलकर युवक के हाथ-पैर और मुंह बांधा। इसके बाद कुल्हाड़ी से उसकी गर्दन काट दी।
मृतक की पहचान पहचान धारा सिंह कॉलोनी निवासी अर्शदीप सिंह (26) के रूप में हुई है। वह मूलरूप से गांव हसनभट्टी का रहने वाला था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम कराने के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया है। पिता हरनेक सिंह ने बताया कि वह पंजाब पुलिस की कमांडो बटालियन में हेड कांस्टेबल हैं।
उनका बड़ा बेटा अर्शदीप सिंह जो शादीशुदा था, रविवार को उनका बेटा घर पर नहीं मिला। काफी तलाश करने के बाद उन्हें शक होने पर वह गांव पिपली पहुंचे, जहां हरप्रीत कौर के घर से अर्शदीप सिंह का शव बरामद हुआ। इस मामले में पुलिस ने आरोपी महिला व उसके पिता को गिरफ्तार कर लिया है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर विदेश से
9. लेडी अफसर ने जेल में बनाए प्रेम संबंध, कनाडा में पंजाबी कैदी से मिलती
कनाडा की जेल में तैनात जालंधर मूल की एक महिला अधिकारी पर पंजाबी कैदी से रिश्ते को लेकर गंभीर आरोप लगे हैं। जांच के मुताबिक उसने अपनी ड्यूटी उसी ब्लॉक में लगवाई, जहां कैदी बंद था। वह ज्यादातर समय उसकी सेल के आसपास बिताती थी और जेल के आधिकारिक फोन सिस्टम के अलावा कथित तौर पर अवैध मोबाइल के जरिए भी उसके संपर्क में रहती थी।
बदले में कैदी उस पर महंगे गिफ्ट लुटाता रहा। जांच दस्तावेजों के मुताबिक उसने महिला अधिकारी की कॉस्मेटिक सर्जरी और विदेश यात्राओं का खर्च भी उठाया। पूरा मामला तब सामने आया, जब एक वरिष्ठ जेल अधिकारी के घर पर जानलेवा हमले की साजिश की जांच शुरू हुई।
जांच एजेंसियों का आरोप है कि जालंधर मूल की महिला अधिकारी ने ही उस अधिकारी की कार की नंबर प्लेट की फोटो कैदी तक पहुंचाई थी। इसके बाद कथित तौर पर उसी जानकारी के आधार पर अधिकारी की पहचान कर पूरी साजिश रची गई। यह मामला बाद में कनाडा पुलिस की प्रोजेक्ट साउथ जांच का अहम हिस्सा बना।(पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके
10. बेटी की शिकायत पर पहुंची पुलिस, पिता ने ASI-कांस्टेबल को पीटा
तरनतारन के गांव सोहल में बेटी की ऑनलाइन शिकायत पर घरेलू विवाद सुलझाने पहुंची पुलिस टीम पर ही हमला हो गया। आरोप है कि नशे की हालत में परिवार के साथ मारपीट कर रहे व्यक्ति ने पुलिसकर्मियों पर भी हमला कर दिया, जिसमें एक एएसआई और एक कांस्टेबल घायल हो गए। पुलिस फोर्स के पहुंचने से पहले ही आरोपी मौके से फरार हो गया।
आरोपी की पहचान गांव सोहल निवासी प्रभजीत सिंह के रूप में हुई है। उसके खिलाफ अपने ही परिवार के सदस्यों को कमरे में बंद कर मारपीट करने और गाली-गलौज करने के आरोप हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। साथ ही, उसकी तलाश में इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है।
पुलिस के अनुसार, प्रभजीत सिंह की बेटी सिमरन ने ऑनलाइन शिकायत देकर बताया था कि उसका पिता नशे की हालत में घर में हंगामा कर रहा है, सभी को गालियां दे रहा है और परिवार के सदस्यों को एक कमरे में बंद कर रखा है।
शिकायत मिलने पर थाना झब्बाल के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह बाजवा ने एएसआई प्रगट सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को मौके पर भेजा। पुलिस जब घर पहुंची तो प्रभजीत सिंह कथित तौर पर अपने परिवार के साथ हाथापाई कर रहा था। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन इसी दौरान उसने पुलिस टीम पर हमला कर दिया, जिससे एएसआई और एक कांस्टेबल घायल हो गए। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
