![]()
कुरुक्षेत्र जिले के इस्माइलाबाद में तेलंगाना के रहने वाले रजनीकांत हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। करीब 8 महीने से फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी परमजीत उर्फ रिंकू निवासी मटेड़ी जिला अंबाला को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को अदालत में पेश करने के बाद 4 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। इस हत्याकांड ने उस समय पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी। शुरुआत में मामला ट्रैवल एजेंट से जुड़े विवाद और रूस के वीजा में कथित धोखाधड़ी से जुड़ा माना गया था, लेकिन पुलिस जांच में बाद में हत्या की वजह पैसों के लेनदेन का विवाद सामने आया था। इस मामले में पहले ही हरमन और राम स्वरूप निवासी चौड़ मस्तपुर (अंबाला) की गिरफ्तारी हो चुकी है। सड़क किनारे मिला था खून से लथपथ शव 6 जनवरी को इस्माईलाबाद के मंदेड़ी गांव के पास सड़क किनारे रजनीकांत का शव मिला था। उसके शरीर पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। पोस्टमॉर्टम में गर्दन, चेहरे, कमर और सिर पर चोटों के निशान मिले थे। फोरेंसिक रिपोर्ट में गर्दन पर किए गए वार को मौत का कारण बताया गया था। रूस में नौकरी दिलाने का काम करता था रजनीकांत तेलंगाना के कामारेड्डी जिले के अढलुर गांव निवासी काटिका रजनीकांत (45) पंजाब के लालड़ू में किराए पर रहता था। वह रूस में लोगों को नौकरी दिलाने का काम करता था। इसी दौरान उसका आरोपी हरमन के साथ पैसों का लेनदेन हुआ, जो बाद में विवाद में बदल गया। इसी विवाद के चलते रजनीकांत की हत्या हुई थी। पुरानी टिकट से परिवार तक पहुंची पुलिस शव की तलाशी के दौरान पुलिस को उसकी जेब से रूस की पुरानी टिकट मिली थी। उसी टिकट पर लिखे मोबाइल नंबर और पते के आधार पर पुलिस ने तेलंगाना में रहने वाले उसके परिजनों तक पहुंच बनाई थी। मृतक के परिजनों ने शुरुआत में अंबाला के एक ट्रैवल एजेंट पर गंभीर आरोप लगाए थे। पहले ट्रैवल एजेंट पर लगे थे आरोप उनका कहना था कि एजेंट ने 3 साल का वीजा बताकर केवल 3 महीने का वीजा लगवाया और पूरे पैसे ले लिए थे। रजनीकांत इसी हिसाब-किताब के लिए हरियाणा आया था। इसके अगले दिन उसका शव बरामद हो गया था। हालांकि पुलिस जांच आगे बढ़ने पर मामला पैसों के लेनदेन और आपसी विवाद से जुड़ा निकला और जांच का फोकस बदल गया। अब तीसरे आरोपी से खुलेगी पूरी साजिश थाना इस्माइलाबाद के SHO रामपाल के मुताबिक, 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी परमजीत उर्फ रिंकू का 4 दिन का पुलिस रिमांड मिला है। रिमांड के दौरान आरोपी से वारदात की पूरी प्लानिंग, हत्या में उसकी भूमिका और फरारी के दौरान किसने मदद की, इस बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस हत्या में इस्तेमाल चाकू और गाड़ी बरामद कर चुकी है।
Source link







