![]()
सोनीपत के मुरथल में नेशनल हाईवे पर एक सरकारी बैंक कर्मचारी की बुजुर्ग मां से लूट की वारदात हुई है। मुरथल हवाई अड्डा ढाबे के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने इंडिया पोस्ट बैंक के कर्मचारी की कार रुकवाकर उनकी मां को धक्का दिया और रुपयों और मोबाइल से भरा बैग छीनकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर मुरथल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अंबाला शहर के बलदेव नगर (सेक्टर-7) निवासी मुकुल जोगिंद्र पाल ने पुलिस को बताया कि वह इंडिया पोस्ट बैंक में कार्यरत हैं। 17 जून 2026 को वह अपनी मां पूनम कालड़ा के साथ कार से दिल्ली से अंबाला लौट रहा था। मुरथल हवाई अड्डा ढाबे के पास हेलमेट पहने दो बाइक सवारों ने उनकी कार को रोका और बताया कि टायर में खराबी है। टायर की जांच करने नीचे उतरा था बैंक कर्मी मुकुल जैसे ही टायर की जांच करने के लिए कार से नीचे उतरा, तो एक बदमाश ने कार की खिड़की से उसकी मां पूनम को धक्का दिया। बदमाश ने महिला के हाथ से बैग छीन लिया और दोनों आरोपी बाइक पर बैठकर मौके से फरार हो गए। इस अचानक हुई वारदात के कारण पीड़ित बाइक का नंबर नोट नहीं कर पाए। छीने गए बैग में लगभग 3 से 4 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन था। मुरथल थाना पुलिस ने मुकुल की शिकायत पर अज्ञात बाइक सवार बदमाशों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 304 (झपटमारी/लूट) के तहत मुकदमा नंबर 186 दर्ज किया है। पुलिस हाईवे और आसपास के ढाबों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
Source link
सोनीपत में बैंक कर्मचारी की मां से लूटपाट:बाइक सवारों ने रुकवाई कार, धक्का देकर बैग छीना, कैश और मोबाइल लेकर भागे







