पठानकोट में एक शादी समारोह में अचानक पुलिस के पहुंचने पर हंगामा हो गया। पूछताछ के लिए एक युवक को लेने आई पुलिस और बारातियों में हाथापाई हो गई। पुलिसकर्मी और कई बाराती घायल हो गए। दोनों पक्षों की ओर से सिविल अस्पताल में अपना मेडिकल करवाया गया। दरअसल, एक महिला की छेड़छाड़ की शिकायत के बाद पुलिस युवक को हिरासत में लेने पहुंची थी। उसी दौरान हंगामा हुआ। घटना के बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे पर मारपीट के आरोप लगा रहे हैं, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। उधर, घटना के बाद SHO हरप्रीत कौर खुद मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। इस दौरान पूछताछ के लिए कुछ लोगों को पुलिस अपने साथ थाने ले गई। अब सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला… युवक को पूछताछ के लिए लेने पहुंची थी पुलिस पठानकोट के मोहल्ला काजीपुर के वार्ड नंबर 5 की एक महिला ने थाना डिवीजन नंबर 1 पुलिस को शिकायत दी थी। बताया गया कि युवक ने उसके साथ छेड़छाड़ की थी और अब परेशान कर रहा है। शादी समारोह में पूछताछ करने पर भड़के बाराती उधर, युवक एक ओल्ड शाहपुर रोड स्थित एक निजी पैलेस में बाराती बनकर पहुंचा था। तभी पुलिस उससे पूछताछ करने पहुंच गई। वहां शादी समारोह चल रहा था। पुलिस को देखते ही बारातियों ने पुलिस पार्टी का विरोध किया। एक बार पुलिसकर्मियों को बाहर भेज दिया गया, लेकिन जब दोबारा पुलिस मौके पर पहुंची तो माहौल बिगड़ गया। दोनों पक्षों में हाथापाई हो गई। SI बलबीर सिंह को महिलाओं ने पीटा जानकारी के मुताबिक, जब दूसरी बार पुलिस पार्टी युवक को पूछताछ के लिए हिरासत में लेने पहुंची। तो बारातियों में से कुछ महिलाओं ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की के बाद मारपीट की। जिसमें सब इंस्पेक्टर बलवीर सिंह घायल हो गए। आरोप है कि महिलाओं ने उनकी बाजू-हाथ पर नाखूनों से नौचा। बाराती बोले- पुलिस ने मारपीट की वहीं, दूसरी तरफ बाराती महिला कविता ने कहा कि शादी समारोह में पुलिस अचानक से चली आई और मामूली कहासुनी के बाद शादी वाले लड़के के पिता के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसके चलते 4 से 5 लोगों को चोट आई है। जिनका वह मेडिकल करवाने के लिए सिविल अस्पताल जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके घर के फंक्शन को जानबूझ कर खराब करना चाहते थे। SHO खुद मौके पर पहुंचीं वहीं, मामले की सूचना मिलते ही SHO हरप्रीत कौर खुद मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों से बातचीत की। इस दौरान पूछताछ के लिए कुछ लोगों को पुलिस अपने साथ थाने ले गई। पुलिस का कहना है कि जिस युवक से पूछताछ के लिए कर्मी आए थे, उसपर छेड़खानी का आरोप है। लेकिन, महिलाओं ने उनपर ही हमला कर दिया।
Source link
