महम, रोहतक12 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
रोहतक में एनकाउंटर में घायल हुए बदमाश को लेकर जाती पुलिस।
रोहतक के महम में कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के ऑफिस पर फायरिंग करने वाले आरोपी का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। आरोपी के पैर में गोली लगी। सीआईए टीम ने मुठभेड़ के बाद उसे काबू किया और ईलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया। वहीं, महम पहुंचे पूर्व सीएम हुड्डा ने इस मामले को लेकर सरकार को निशाना साधा है।
सीआईए की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि लाखनमाजरा से खरकड़ा जा रही रोड पर एक आरोपी जा रहा है। जब उसे घेरकर रोकने का प्रयास किया तो उसने भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी।
विधायक के ऑफिस पर शुक्रवार रात फायरिंग हुई थी। मामले में पुलिस की 8 टीमें लगातार दबिश दे रही थी।
एनकाउंटर के बाद के PHOTOS…
अस्पताल में भर्ती एनकाउंटर में घायल आरोपी ।
घटनास्थल पर पड़ी आरोपी की बाइक।
आरोपी का मौके पर पड़ा हुआ हथियार।
जानिए पूरा मामला…
गैंगस्टर सुमित का गुर्गा बताया जा रहा आरोपी
पुलिस मुठभेड़ के बाद पकड़े गए आरोपी की पहचान अमन के रूप में हुई, जो गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया का गुर्गा बताया जा रहा है। सुमित उर्फ छोटा पर कई आपराधिक मुकदमें हैं और वह फरवरी 2026 में ही हरिद्वार के रास्ते विदेश भाग गया था। सुमित उर्फ छोटा ने शराब के ठेके पर भी फायरिंग की थी, जिसमें वह गिरफ्तार भी हो चुका है।
जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
सीआईए इंचार्ज कुलदीप के नेतृत्व में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान आरोपी का पुलिस से आमना-सामना हो गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी की ओर से खतरा पैदा होने पर जवाबी कार्रवाई की गई। जवाबी फायरिंग में एक गोली आरोपी अमन के पैर में लगी, जिससे वह घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा।
घायल आरोपी को पीजीआई भेजा गया
गोली लगने के बाद पुलिस टीम ने तुरंत आरोपी को काबू कर लिया। प्राथमिक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे उपचार के लिए पीजीआई के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और उसके आपराधिक नेटवर्क, गैंगस्टर सुमित उर्फ छोटा सैमाणिया से संबंध तथा अन्य मामलों में उसकी भूमिका की जांच की जा रही है।
शुक्रवार को विधायक बलराम दांगी के कार्यालय के दरवाजे और शीशों पर फायरिंग हुई। फोटो में गोलियों के निशान दिख रहे हैं। इनसेट में विधायक की फोटो।
पुलिस मामले में कर रही जांच
सीआईए इंचार्ज कुलदीप ने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को पकड़ा है। आरोपी विधायक के कार्यालय में फायरिंग करने वाले मामले में शामिल रहा है। पुलिस ने आरोपी को ईलाज के लिए पीजीआई में भर्ती करवाया है। जल्द मामले में अन्य आरोपी को काबू कर लिया जाएगा।
विधायक से मिलने पहुंचे पूर्व सीएम
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा महम पहुंचे। विधायक बलराम दांगी के कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत करते हुए हुड्डा ने कहा कि प्रदेश में अपराध लगातार बढ़ रहे हैं और सरकार उन्हें रोकने में पूरी तरह नाकाम साबित हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि हरियाणा में 50 से 60 गिरोह सक्रिय हैं, जो संगठित तरीके से अपराध कर रहे हैं। वारदात के बाद अपराधी पर्चे फेंकते हैं या सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर जिम्मेदारी लेते हैं, जो कानून व्यवस्था की खराब स्थिति को दर्शाता है।
विधायक की सुरक्षा की मांग की
हुड्डा ने दावा किया कि ऐसे मामलों में सरकार की मिलीभगत नजर आती है, जिससे अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। उन्होंने विधायक बलराम दांगी के लिए सुरक्षा की मांग करते हुए कहा कि वह विधानसभा में जनहित के महत्वपूर्ण मुद्दे उठाते हैं। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि बढ़ती बेरोजगारी भी अपराध की एक बड़ी वजह है और कई गैंग फिरौती के लिए लाखों रुपये की मांग कर रहे हैं।
——————
यह भी पढ़ें- कांग्रेस MLA के ऑफिस पर फायरिंग,VIDEO:महम में थाने के सामने बाइक सवार युवकों ने चलाई गोलियां; दांगी बोले- किसी से दुश्मनी नहीं
रोहतक जिले के महम से कांग्रेस विधायक बलराम दांगी के ऑफिस पर शुक्रवार देर रात फायरिंग की गई। बाइक सवार हमलावर ताबड़तोड़ गोलियां चलाने के बाद मौके से फरार हो गए। हैरानी की बात यह है कि विधायक का ऑफिस महम थाने के ठीक सामने है, लेकिन पुलिस को घटना की भनक तक नहीं लगी। पूरी खबर पढ़ें…
