Related Posts

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद नौल्था पहुंचीं अर्चना गुप्ता:वोट सत्यापन-महिला सशक्तिकरण पर दिया जोर; बोलीं-बाहरी वोटरों की सूचना बीएलओ को दें




पानीपत की डॉ. अर्चना गुप्ता को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद रविवार (21 जून) को इसराना के गांव नौल्था में उनका स्वागत किया गया। इस अवसर पर हल्का इसराना विधायक एवं कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पवार के पुत्र अनिल पवार भी मौजूद रहे। डॉ. अर्चना गुप्ता ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि नौल्था गांव 36 बिरादरी के भाईचारे की मिसाल है और आर्थिक रूप से भी खुशहाल है। उन्होंने बताया कि इस गांव में ऐसा कोई घर नहीं है जहाँ उन्होंने चाय न पी हो। ‘बहारी वोट की जानकारी बीएलओ को दो’ उन्होंने एसआईआर का जिक्र करते हुए कार्यकर्ताओं से अपील की कि यदि कोई बाहरी व्यक्ति गांव में आकर अपनी वोट बनवाता है, तो इसकी जानकारी तुरंत बीएलओ को दें। उन्होंने कहा कि अक्सर देखा जाता है कि एक ही व्यक्ति दूसरे राज्य से आकर वोट बनवा लेता है, जबकि उसकी वोट उसके मूल राज्य में भी चलती रहती है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को ऐसे व्यक्तियों की पहचान कर बीएलओ को सूचित करने की जिम्मेदारी सौंपी। घूंघट प्रथा को समाप्त करने का किया आह्वान डॉ. गुप्ता ने महिलाओं से भी संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य 2049 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है। उन्होंने जोर दिया कि यह ‘मोदी का देश’ है, जहां महिलाओं को गली में पल्लू डालकर चलने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने शिक्षित भारत के इस दौर में महिलाओं से अपनी जिम्मेदारियां समझने और ‘ओला प्रथा’ (घूंघट प्रथा) को समाप्त करने का आह्वान किया। ‘पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़े’ उन्होंने स्पष्ट किया कि इसका अर्थ पुरुषों का सम्मान छोड़ना नहीं है, क्योंकि घर में ससुर पिता समान और जेठ बड़े भाई समान होते हैं। उन्होंने महिलाओं से पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ने का आग्रह किया। इस अवसर पर भाजपा नेता समुद्र जागलान ने प्रदेश अध्यक्ष को फूलों का गुलदस्ता भेंट कर सम्मानित किया। जिला परिषद अध्यक्ष ज्योति शर्मा, जिला परिषद सदस्य रेखा रानी और गांव की महिलाओं ने भी फूलों की माला पहनाकर उनका स्वागत किया।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें