जींद जिले के उचाना उपमंडल कार्यालय के सभागार में विधायक देवेंद्र चतरभुज अत्री ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान विधायक पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आए और विभागवार चल रहे विकास कार्यों की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं के समाधान और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की सुस्ती बर्दाश्त नहीं की जाएगी। विधायक अत्री ने कहा कि लोगों को एक ही कार्य के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाए। जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की विधायक अत्री ने बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की विकास रैली के दौरान उचाना हलके के लिए जो मांगें मंजूर हुई थीं, उन पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। उन्होंने करसिंधु महाग्राम, छात्तर, नगूरां और अलेवा सहित विभिन्न गांवों में जन स्वास्थ्य विभाग द्वारा किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इसके अलावा, बिजली निगम और लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारियों से भी क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट ली गई। जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए मानसून को देखते हुए विधायक ने जन स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में कहीं भी जलभराव की स्थिति नहीं बननी चाहिए और लोगों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। नहरी पानी से जुड़े मुद्दों पर भी अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए ताकि किसानों और ग्रामीणों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो। ‘समस्या लेकर आए व्यक्तियों का समाधान होना चाहिए’ विधायक अत्री ने जन स्वास्थ्य विभाग, नहरी विभाग, बिजली निगम सहित अन्य विभागों के अधिकारियों को जनसंवाद और समाधान शिविरों में प्राप्त शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने जोर दिया कि जो भी व्यक्ति अपनी समस्या लेकर आए, उसका त्वरित समाधान होना चाहिए। प्रशासन की जिम्मेदारी है कि लोगों को राहत मिले और उन्हें बार-बार शिकायत न करनी पड़े।
Source link
उचाना में विधायक ने की विकास कार्यों की समीक्षा:विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट मांगी; बोले-जनता की समस्याओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं
