हरियाणा के पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा रविवार को सांपला पहुंचे। उन्होंने कस्बे के मुख्य बाजार में हाल ही में हुए अग्निकांड से प्रभावित व्यापारी परिवार से मुलाकात कर उनका हालचाल जाना। सांपला पहुंचने पर भूपेंद्र सिंह हुड्डा प्रशासनिक अधिकारियों की अनुपस्थिति को लेकर नाराज नजर आए। उन्होंने मौके से ही रोहतक के डीसी को फोन कर कहा कि उनके कार्यक्रम की जानकारी होने के बावजूद न तो तहसीलदार और न ही एसडीएम मौजूद थे। नुकसान का आकलन करने के दिए निर्देश हुड्डा ने डीसी रोहतक से बातचीत के दौरान कहा कि आग की इस घटना में व्यापारियों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन को हुए नुकसान का विस्तृत आकलन कराने के निर्देश देने की बात कही और प्रभावित व्यापारियों को उचित मुआवजा दिलाने के लिए हर संभव प्रयास करने का आश्वासन दिया। 3 मंजिला शोरूम में लगी थी आग गौरतलब है कि 19 जून की रात सांपला के मुख्य बाजार स्थित जेपी फैशन शोरूम में भीषण आग लग गई थी। आग इतनी भयावह थी कि 3 मंजिला शोरूम का अधिकांश हिस्सा जलकर राख हो गया और लाखों रुपए का सामान नष्ट हो गया। दमकल विभाग की टीमों ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया था। इस घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में चिंता का माहौल बना हुआ है। प्रभावित परिवार अब प्रशासनिक सहायता और मुआवजे का इंतजार कर रहे हैं।
Source link
