पलवल जिले में सीआईए टीम ने एक नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से हेरोइन और एक बिना नंबर की बाइक बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। यह गिरफ्तारी उटावड़ थाना क्षेत्र के मलाई-रूपड़ाका मोड़ पर नाकाबंदी के दौरान हुई। गिरफ्तार किया गया आरोपी नूंह जिले का रहने वाला है। सीआईए होडल प्रभारी जगमिंदर सिंह ने बताया कि उनकी टीम हथीन क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि फिरोजपुर नमक गांव, नूंह निवासी मोहम्मद आकिल हेरोइन बेचने का अवैध धंधा करता है। तलाशी के दौरान मिली हेरोइन सूचना के अनुसार, मोहम्मद आकिल थोड़ी देर में सफेद रंग की बिना नंबर की बाइक पर मलाई गांव के रास्ते रूपड़ाका की तरफ हेरोइन की सप्लाई के लिए जाने वाला था। इस जानकारी के आधार पर सीआईए टीम ने अपनी सरकारी गाड़ी की लाइटें बंद कर मलाई-रूपड़ाका मोड़ पर नाकाबंदी की। करीब 10-15 मिनट बाद मलाई गांव की तरफ से एक सफेद रंग की बाइक आती दिखाई दी, जिसे पुलिस ने घेराबंदी कर रोक लिया। पकड़े गए युवक की पहचान मोहम्मद आकिल के रूप में हुई। तलाशी लेने पर उसकी जेब से 50.87 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी मोहम्मद आकिल के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर हेरोइन और बाइक को जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया जाएगा।
Source link
पलवल में नशा तस्कर गिरफ्तार:हेरोइन बरामद और बाइक जब्त; नूंह का रहने वाला, सप्लाई देने जा रहा था
