Related Posts

बहादुरगढ़ हत्या के मामले में तीन आरोपी गिरफ्तार:शव झाड़ियों में फेंककर सबूत मिटाने का किया था प्रयास, 72 घंटे के भीतर हत्या की गुत्थी सुलझाई




बहादुरगढ़ के थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़ पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।मामले की जानकारी देते हुए थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़ प्रभारी उप निरीक्षक सत्यवीर सिंह ने बताया कि दिनांक 13 जुलाई 2026 को पुलिस को सूचना मिली कि एक कंपनी के सामने दिल्ली-रोहतक रोड पर सर्विस रोड के पास झाड़ियों में एक व्यक्ति का शव पड़ा हुआ है, जिसके सिर पर गंभीर चोटों के निशान थे। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एफएसएल टीम को बुलाकर वैज्ञानिक तरीके से घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया तथा आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए गए। जांच के दौरान मृतक की पहचान सत्यपाल निवासी ग्राम त्रिलोकपुर, तहसील तिलहर, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश), हाल निवासी बहादुरगढ़ के रूप में हुई। मृतक के पुत्र की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का मामला मृतक के पुत्र शिवम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके पिता बहादुरगढ़ में रहकर मजदूरी करते थे। उनकी तलाश करते हुए वह बहादुरगढ़ पहुंचा, जहां उसे जानकारी मिली कि उनके पिता की हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया है। शिकायत में उसने तीन व्यक्तियों पर संदेह व्यक्त किया, जिसके आधार पर थाना सेक्टर-6 बहादुरगढ़ में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, तकनीकी जांच एवं गहन पूछताछ के आधार पर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि वे सभी मजदूरी करते थे और एक ही कमरे में रहते थे। मृतक और आरोपियों के बीच गाली-गलौज एवं आपसी विवाद चल रहा था। इसी रंजिश के चलते तीनों ने उसकी हत्या की साजिश रची।योजना के अनुसार 11 जुलाई की शाम सभी एकत्र हुए। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने सत्यपाल को पकड़ लिया और लकड़ी के डंडे से उसके सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा। इसके बाद आरोपी उसे मकान मालिक की मोटरसाइकिल पर बैठाकर सेक्टर-17 स्थित कंपनी के सामने सुनसान स्थान पर ले गए और झाड़ियों के पास फेंक दिया। तीनों आरोपी गिरफ्तार, दो पुलिस रिमांड पर पुलिस ने इस मामले में अर्जुन और शिवम, दोनों निवासी ग्राम त्रिलोकपुर, तहसील तिलहर, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) तथा अमित निवासी डडिया बाजार, तहसील तिलहर, जिला शाहजहांपुर (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए उन्हें अदालत बहादुरगढ़ में पेश किया गया माननीय अदालत के आदेश अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में से अर्जुन और शिवम को पूछताछ एवं वारदात से जुड़े अन्य साक्ष्य जुटाने के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जबकि तीसरे आरोपी अमित को पूछताछ के उपरांत न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।मामले में पुलिस द्वारा आगे की जांच जारी है तथा आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें