फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र अंतर्गत सूर्य विहार पार्ट‑2 में चोरों ने एक मकान को निशाना बनाते हुए देर रात चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर की खिड़की काटकर अंदर घुसे और लाखों रुपए की नकदी व जेवरात चोरी कर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मकान मालिक सुमित ने बताया कि, शुक्रवार रात वह अपनी नई ड्यूटी के लिए घर से बाहर गए हुए थे। परिवार के अन्य सदस्य भी गांव में एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए गए हुए थे, जिस कारण घर खाली था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने देर रात करीब डेढ़ से दो बजे के बीच घर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खिड़की तोड़कर कमरे में घुसे बताया जा रहा है कि चोरों ने घर के बेडरूम के बाहर लगी खिड़की में लगे लोहे के सरियों को लोहे की रॉड से तोड़कर चोर अंदर घुस गए। इसके बाद उन्होंने घर के अंदर दो कमरों में पूरी तरह तलाशी ली। सबसे पहले चोर बेडरूम में पहुंचे और वहां रखी अलमारी को खोलकर उसमें रखे सोने के गहने निकाल लिए। इन गहनों की कीमत करीब दो से ढाई लाख रुपए बताई जा रही है। इसके बाद चोर दूसरे कमरे में भी घुसे और वहां रखा पूरा सामान बिखेर दिया। उन्होंने कमरे में रखे बेड को खोलकर भी अच्छी तरह जांच की। इस दौरान चोरों को वहां रखी नकदी भी मिल गई, जिसे लेकर चोर फरार हो गए। पीड़ित के अनुसार, इस कमरे से करीब एक से डेढ़ लाख रुपए नकद चोरी हुए हैं। चोरों ने दूसरे कमरे का बैड भी खोला सुबह जब सुमित अपनी ड्यूटी से वापस घर लौटे और दरवाजा खोलकर अंदर गए तो उन्होंने देखा कि घर के दोनों कमरों में सामान बिखरा हुआ पड़ा था। बेडरूम की अलमारी खुली हुई थी और दूसरे कमरे का बेड भी खुला पड़ा था। इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद हरियाणा पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने घर के अंदर बिखरे सामान और चोरी वाली जगहों की फोटो ली तथा सुमित से लिखित शिकायत लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान कर जल्द उन्हें पकड़ा जा सके।
Source link
फरीदाबाद में बंद मकान से लाखों की चोरी:लोहे की रॉड से तोड़ी खिड़की, 1.50 लाख कैश-जेवर ले गए, शादी में गया था परिवार
