Related Posts

पानीपत में बीच सड़क पर युवक को पीटा, VIDEO:चलती बाइक से नीचे गिराया, फिर बरसाए लाठी-डंडे और बेल्टें; तमाशबीन भीड़ के सामने महिला ने रिकॉर्ड की वारदात




हरियाणा में पानीपत के पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले आदर्श नगर में सरेआम दिनदहाड़े गुंडागर्दी का एक मामला सामने आया है। यहां बीच सड़क पर कार और बाइक सवार बदमाशों ने एक युवक को घेरकर लाठी-डंडों, लात-घूंसों और बेल्टों से लहूलुहान कर दिया। वारदात के समय मौके पर तमाशबीनों की भारी भीड़ जमा हो गई, लेकिन किसी ने भी युवक को बचाने की जहमत नहीं उठाई। गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। चलती बाइक पर पैर मारकर गिराया, फिर बरसाईं बेल्टें मिली जानकारी के अनुसार, घायल युवक की पहचान अंकित (27) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बागपत का निवासी है और फिलहाल पानीपत के शांति नगर (मॉडल टाउन) में रहकर एक टेक्सटाइल इंडस्ट्री में बतौर सुपरवाइजर काम करता है। अंकित ने बताया कि बुधवार 24 जून की सुबह वह अपनी बाइक पर सवार होकर काम के लिए निकला था। इसी दौरान दो बाइकों और एक कार में सवार होकर आए कुछ अज्ञात युवकों ने उसका पीछा किया। बदमाशों ने चलती बाइक पर जोरदार पैर मारकर अंकित को सड़क पर नीचे गिरा दिया। इससे पहले कि अंकित कुछ समझ पाता, सभी आरोपियों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया और उस पर ताबड़तोड़ लाठी-डंडे और बेल्टें बरसानी शुरू कर दीं। भीड़ बनी रही तमाशबीन, महिला ने मोबाइल में रिकॉर्ड की वारदात बीच सड़क पर दिनदहाड़े हो रही इस बर्बरता को देखने के लिए स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई, लेकिन बदमाशों के खौफ के आगे कोई भी बीच-बचाव करने आगे नहीं आया। हालांकि, इस दौरान वहां मौजूद एक महिला ने बहादुरी दिखाते हुए बार-बार बदमाशों से युवक को छोड़ने की मिन्नतें कीं, लेकिन आरोपी नहीं माने। इसी बीच मौके पर खड़ी एक अन्य महिला ने इस पूरी खौफनाक वारदात का वीडियो अपने मोबाइल फोन के कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। युवक को अधमरा करने के बाद सभी आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए गाड़ियों में सवार होकर मौके से फरार हो गए। किसी और के धोखे में पीटे जाने की आशंका वारदात के बाद लहूलुहान और अचेत अवस्था में अंकित को राहगीरों की मदद से पहले पानीपत के सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद परिजनों ने उसे एक निजी अस्पताल में दाखिल कराया। वहां भी हालत में सुधार न होने पर डॉक्टरों ने उसे करनाल के कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां वह उपचाराधीन है। अस्पताल में होश आने पर पीड़ित अंकित ने बताया कि वह हमला करने वाले किसी भी युवक को नहीं पहचानता है और न ही उसकी किसी से कोई दुश्मनी या रंजिश है। अंकित को शक है कि हमलावरों ने किसी और के धोखे (गलत पहचान) में आकर उस पर इस कदर जानलेवा हमला किया है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें