Related Posts

पंचकूला कांग्रेस की अंदरूनी कलह आज प्रभारी के सामने आएगी:वर्कर खोलेंगे नाराजगी की फाइल, संगठन से लेकर गुटबाजी तक उठेंगे सवाल




पंचकूला नगर निगम चुनाव और लगातार सामने आ रही संगठनात्मक खींचतान के बीच आज पंचकूला कांग्रेस की अंदरूनी लड़ाई खुलकर प्रदेश प्रभारी के सामने पहुंच सकती है। कांग्रेस के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त रविवार को सेक्टर-15 स्थित बिश्नोई भवन में पार्टी कार्यकर्ताओं से सीधा संवाद करेंगे। बैठक में कालका और पंचकूला विधानसभा के कार्यकर्ताओं को बुलाया गया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार यह केवल औपचारिक बैठक नहीं होगी, बल्कि कार्यकर्ताओं को अपनी बात रखने का पूरा मौका दिया जाएगा। ऐसे में लंबे समय से संगठन में चल रही गुटबाजी, वरिष्ठ नेताओं के बीच समन्वय की कमी, कार्यकर्ताओं की उपेक्षा और चुनावी रणनीति से जुड़े मुद्दे प्रमुखता से उठ सकते हैं। नगर निगम चुनाव के बाद बढ़ी नाराजगी पंचकूला नगर निगम चुनाव के बाद कांग्रेस के भीतर असंतोष खुलकर सामने आया था। कई कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रबंधन, टिकट वितरण और संगठन की सक्रियता पर सवाल उठाए थे। कुछ नेताओं पर अपने-अपने गुट को बढ़ावा देने के आरोप भी लगे थे। इसी वजह से प्रदेश नेतृत्व अब जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं की राय जानने की कवायद कर रहा है। कार्यकर्ताओं की राय के आधार पर बनेगी रिपोर्ट सूत्रों का कहना है कि प्रभारी संजय दत्त बैठक में प्रत्येक कार्यकर्ता की बात सुनेंगे और उसकी रिपोर्ट प्रदेश नेतृत्व को भेजेंगे। संगठन को मजबूत करने, निष्क्रिय पदाधिकारियों की भूमिका और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर भी चर्चा होगी। प्रभारी की बैठक के राजनीतिक मायने राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बैठक पंचकूला कांग्रेस के लिए अहम साबित हो सकती है। यदि कार्यकर्ताओं की नाराजगी दूर करने और गुटबाजी खत्म करने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठे, तो आगामी चुनावों में पार्टी को संगठनात्मक चुनौती का सामना करना पड़ सकता है। वहीं प्रदेश प्रभारी के सामने खुलकर अपनी बात रखने का मौका मिलने से कार्यकर्ताओं को भी नेतृत्व से सीधा संवाद स्थापित करने का अवसर मिलेगा।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें