पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन ऑफ हरियाणा की नई गवर्निंग बॉडी का चुनाव रविवार को पंचकूला के रेड बिशप होटल में संपन्न हुआ। चुनाव प्रक्रिया चुनाव अधिकारी एडवोकेट विनय यादव की देखरेख में निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से कराई गई। वहीं, पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के सहसचिव देवाकर ने पर्यवेक्षक के रूप में पूरी प्रक्रिया का अवलोकन किया। निर्वाचन के बाद हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव को सर्वसम्मति से एसोसिएशन का नया अध्यक्ष चुना गया। इसके अलावा अभिजीत सिंह को उपाध्यक्ष, पवन कुमार को महासचिव, एडवोकेट सचिन मलिक को सहसचिव और भीम सिंह को कोषाध्यक्ष बनाया गया। कार्यकारी सदस्यों में ज्योति कुमार, सुरेंद्र कुमार, राहुल सिंह, विमल यादव और नरसी राम को शामिल किया गया। पिता राव इंद्रजीत सिंह का योगदान बताया बैठक में वक्ताओं ने केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनके मार्गदर्शन और सहयोग से हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन को अपना पहला कार्यालय मिला है, जिससे संगठन की गतिविधियों को नई गति मिलेगी। वक्ताओं ने बताया कि राव इंद्रजीत सिंह पैरालंपिक कमेटी ऑफ इंडिया के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उनके कार्यकाल में कमेटी को नई दिल्ली में स्थायी कार्यालय मिला और भारतीय पैरा खेलों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिली। खिलाड़ियों को बेहतर अवसर दिलाने का संकल्प नवनिर्वाचित अध्यक्ष आरती सिंह राव ने कहा कि नई गवर्निंग बॉडी हरियाणा के पैरा खिलाड़ियों के हितों की रक्षा, नई प्रतिभाओं को आगे लाने और खिलाड़ियों को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में अधिक अवसर दिलाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेगी। उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए टीमवर्क के साथ संगठन को आगे बढ़ाने का भरोसा जताया। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में एसोसिएशन के संस्थापक गिरिराज सिंह, एशियन मेडलिस्ट सुधीर कुमार, संग्राम दहिया, गौरव सोलंकी, कोच धर्मेंद्र, आजीवन सदस्य मनीष कुमार, धर्मेंद्र सिंधवानी, दुर्गपाल, सलोनी कुमारी, वीरेंद्र सिंह, हर्ष कुमार समेत कई पदाधिकारी, खिलाड़ी और सदस्य मौजूद रहे।
Source link
हरियाणा पैरा स्पोर्ट्स को मिला नया नेतृत्व:स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव बनीं अध्यक्ष, पंचकूला में हुआ गवर्निंग बॉडी का सर्वसम्मति से चुनाव
