हरियाणा के नारनौल में आज मंगलवार को देश की रक्षा करते हुए सर्वोच्च बलिदान देने वाले शहीद विपिन जागड़ा की पहली पुण्यतिथि पर गांव निवाजनगर में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। इस मौके पर उनकी प्रतिमा का भी अनावरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, पूर्व सैनिकों और सामाजिक संगठनों के लोगों ने भाग लेकर शहीद को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस दौरान पूरा क्षेत्र देशभक्ति के नारों और शहीद की वीरगाथाओं से गूंज उठा। पूरे देश का गौरव श्रद्धांजलि सभा में हरियाणा के पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह यादव ने कहा कि शहीद विपिन जागड़ा का बलिदान केवल उनके परिवार या गांव तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे देश के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि ऐसे वीर सपूतों की शहादत आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और देशभक्ति की प्रेरणा देती रहेगी। उन्होंने युवाओं से शहीदों के आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। युवाओं के प्रेरणास्त्राेत कार्यक्रम की अध्यक्षता वाइस एडमिरल अजेंद्र बहादुर ने की। उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा में सैनिकों का योगदान सर्वोच्च होता है और शहीदों का सम्मान करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। कमांडर दशरथ (सीआरएसओ, दिल्ली) ने कहा कि विपिन जागड़ा जैसे वीर जवानों का साहस और समर्पण युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है तथा उनकी शहादत कभी व्यर्थ नहीं जाती। कईयों ने दी श्रद्धांजलि इस अवसर पर जिला पार्षद रेखा देवी, सत्यवीर सिंह शिसोठिया, निवाजनगर के सरपंच रमेश कुमार स्वामी तथा आजम नगर के सरपंच संदीप सहित कई गणमान्य लोगों ने शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित की। वक्ताओं ने कहा कि पूरा क्षेत्र शहीद परिवार के साथ मजबूती से खड़ा है और उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा। सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने शहीद के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। इस दौरान “भारत माता की जय” और “शहीद विपिन जागड़ा अमर रहें” के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
Source link
नारनौल में शहीद विपिन की प्रतिमा का हुआ अनावरण:पूर्व मंत्री डॉ. अभय सिंह बोले- शहीद का बलिदान पूरे देश के लिए गौरव
